Pal Pal India

भाजपा ने मेवात का विकास करके पिछड़े होने का लेबल हटाया: नायब सैनी

 

आम आदमी पार्टी पर सीएम सैनी ने कहा-कट्टर ईमानदारी का चौला पहनने वाले भ्रष्टाचार में जा रहे हैं जेल
 
 भाजपा ने मेवात का विकास करके पिछड़े होने का लेबल हटाया: नायब सैनी
गुरुग्राम, 24 मार्च  रविवार को तावड़ू में आयोजित विजय संकल्प रैली में पहुंचे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जिस मेवात पर पहले की सरकारों ने पिछड़ा होने का लेबल लगा दिया था, भाजपा सरकार में मेवात का विकास करके इस लेबल को हटा दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी सरकारों की अनदेखी के कारण मेवात पिछड़ा जिला बन गया था, लेकिन भाजपा की डबल इंजन सरकार ने पिछड़े जिलों पर विशेष ध्यान दिया और इन जिलों में अभूतपूर्व विकास कार्य करवाए।
तावडू की अनाज मंडी में स्थानीय विधायक एवं नव नियुक्त राज्य मंत्री संजय सिंह द्वारा आयोजित विजय संकल्प रैली में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को भी घेरा। मुख्यमंत्री ने कहा कि नौकरियों में कांग्रेस की गलत नीतियों का खामियाजा हरियाणा के युवाओं ने भुगता है। कट्टर ईमानदारी का चौला पहनने वाले अब जेल में बंद हैं। मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह से 25 मई को कमल के फूल का बटन दबाकर स्थानीय लोकसभा प्रत्याशी राव इंद्रजीत सिंह को एतिहासिक जीत के साथ संसद भेजने का आह्वान किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। किसानों को उनकी फसल का एक-एक दाना खरीदने का भरोसा दिया।
मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार तावड़ू पहुंचे नायब सिंह का जोरदार स्वागत किया गया। राज्य मंत्री संजय सिंह ने मुख्यमंत्री नायब सैनी को गदा भेंट की। मंच पर स्वामी धर्मदेव, विधायक दीपक मंगला, सत्यप्रकाश जरावता, जिला प्रभारी संदीप जोशी, जाकिर हुसैन, भाजपा संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, जिलाध्यक्ष कमल यादव, नरेंद्र पटेल, जीएल शर्मा आदि भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर गर्व है। दस सालों में भारत ने विकास की एक नई छलांग लगाई है और दुनिया में मोदी के नेतृत्व में देश का सम्मान बढ़ा है। कांग्रेस शासन काल में भ्रष्टाचार चरम पर था, खुद कांग्रेस पार्टी के प्रधानमंत्री ने भी कहा था कि एक रुपया केंद्र से भेजते हैं तो जनता तक 15 पैसे पहुंचते हैं। 85 पैसे जो विकास पर खर्च होने थे वे भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाते थे। जबकि मोदी सरकार में पूरे पैसे पात्र व्यक्ति तक पहुंच रहे हैं। भाजपा की डबल इंजन की सरकार गरीब लोगों की चिंता करने वाली सरकार है। भाजपा ने लोगों की सुविधाओं का ध्यान रखा है। सीएम सैनी ने कहा कि भ्रष्टाचार को अगर किसी ने रोका है तो भाजपा की डबल इंजन सरकार ने रोका है।