Pal Pal India

विकास के नाम पर भाजपा ने सिरसा के लोगों को गुमराह किया: संदीप लोट​​​​​​​

इनेलो उम्मीदवार ने आज सिरसा शहर में किया रोड शो 
 
 विकास के नाम पर भाजपा ने सिरसा के लोगों को गुमराह किया: संदीप लोट​​​​​​​ 
सिरसा, 15 मई। आज इनेलो का महाजनसंपर्क अभियान सिरसा में सेतिया पैलेस से
आरंभ हुआ जो सिरसा के विभिन्न बाजारों में  चलाया गया। जनसंपर्क अभियान
के तहत सिरसा के सुभाष चौक पर एक नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। नुक्कड़
सभा में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए इनेलो उम्मीदवार संदीप लोट ने
कहा कि आज विकास के क्षेत्र में सिरसा पिछड़ा हुआ है जिसकी जिम्मेदार
भाजपा है। भाजपा सरकार में सिरसा का कोई विकास नहीं हुआ। सिर्फ लोगों को
सुनहरे सपने दिखाए गए। सिरसा में मेडिकल कॉलेज बनाने के लिए नींव पत्थर
तो रखवा दिया मगर आज तक एक ईंट  नहीं लगाई गई है। यहां की क्षतिग्रस्त
सडक़ें बदहाली की तस्वीर बयां कर रही हैं। सिरसा की जनता ने बड़ी उम्मीद
से पिछले चुनाव में भाजपा का सांसद बनाया था, मगर भाजपा सांसद सुनीता
दुग्गल ने विकास के नाम पर कुछ नहीं किया। एक भी ऐसा कोई उद्योग नहीं
लगाया गया जहां युवाओं को रोजगार मिल सके। साढ़े चार साल तक भाजपा सांसद
सिरसा की जनता से दूर रहीं। अब फिर से भाजपा नेता जनता को सपने दिखाने लग
गए हैं। आज प्रदेश में बेरोजगारी व भ्रष्टाचार चरम पर है। युवाओं को
रोजगार देने की दिशा में कोई नीति नहीं है। भ्रष्टाचार रोकने के लिए
बड़े-बड़े दावे किए गए, मगर हकीकत यह है कि भ्रष्टाचार कम होने की बजाय
बढ़ रहा है। सरकारी संरक्षण में घोटाले हो रहे हैं। संदीप लोट ने कहा कि
इनेलो चौधरी देवीलाल की नीतियों पर चलकर विकास की राजनीति करती है। पूर्व
में भी जब प्रदेश में इनेलो की सरकार थी, तब चौधरी ओमप्रकाश चौटाला ने
सिरसा का चहुंमुखी विकास करवाया था। अभय सिंह चौटाला देश भर में एकमात्र
ऐसे विधायक हैं जिन्होंने किसान आंदोलन को समर्थन देते हुए अपने पद से
इस्तीफा दिया था। इसलिए यदि किसान, कमेरे वर्ग का कोई भला कर सकता है तो
वह इनेलो पार्टी ही है। उन्होंने जनता से वादा करते हुए कहा कि यदि सिरसा
की जनता उन्हें यहां से जीताकर संसद में भेजती है तो वे संसद में यहां के
लोगों की आवाज को बुलंद करने का काम करेंगे और जितना संभव होगा, सिरसा का
विकास करवाया जाएगा। इस मौके पर उनके साथ इनेलो जिलाध्यक्ष कश्मीर सिंह
करीवाला, युवा नेता गोकुल सेतिया, कार्यकारी अध्यक्ष धर्मवीर नैन, शहरी
जिलाध्यक्ष गंगाराम बजाज, जिला प्रेस प्रवक्ता महावीर शर्मा, भगवान
कोटली, गुरदयाल मेहता, सुरेश दड़बा, गुरप्रीत सिंह, प्रमोद रीढ़,
गुरविंद्र सिंह गिल सहित अन्य नेता मौजूद थे।