बुढ़ापा पेंशन में शर्तें लगाकर बुजुर्गों का अपमान कर रही भाजपा: जसवीर जस्सा
कहा, शर्तों संबंधी निर्णय वापिस न लिया तो सडक़ों पर उतरेगी इनेलो
Feb 3, 2026, 14:00 IST

सिरसा 03 फ़रवरी इंडियन नेशनल लोकदल के जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह जस्सा ने कहा कि सरकार ने देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल द्वारा बुजुर्गों के सम्मान में आरंभ की बुढ़ापा पेंशन में आय संबंधी शर्तें लगाकर बुजुर्गों का अपमान किया है जिसे इनेलो किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। मंगलवार को जारी बयान में इनेलो जिलाध्यक्ष जस्सा ने कहा कि चौधरी देवीलाल ने बुजुर्गों को 100 रुपए प्रतिमाह के हिसाब से उचित सम्मान देने के उद्देश्य से ही उनकी पेंशन आरंभ करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया था जो वर्तमान समय में 3 हजार रुपए मासिक है। उन्होंने कहा कि यह पेंशन आरंभ करने के पीछे का तर्क यही था कि बुजुर्ग व्यक्ति बुढ़ापे में अपने स्तर पर आवश्यक खर्च के लिए यह पूंजी खर्च कर सके। चौधरी देवीलाल की इस पहल का पूरे देशभर में स्वागत हुआ था और विभिन्न राज्यों की सरकारों ने इस नीति को अपनाकर बुजुर्गों का सम्मान किया था मगर मौजूदा हरियाणा सरकार की मंशा बुजुर्गों के प्रति ठीक नहीं है और इसी वजह से सरकार ने इस पेंशन की प्राप्ति के लिए आमदनी अनेक शर्तें लगाकर पेंशन प्राप्त करने वाले बुजुर्गों को सम्मान देने की बजाए अपमानित करने का निर्णय लिया है। इनेलो जिलाध्यक्ष ने राज्य सरकार को चेताया कि यदि जल्द ही ऐसी शर्तों को हटाकर पेंशन के रूप में बुजुर्गों का सम्मान बरकरार नहीं रखा तो इनेलो सडक़ों पर उतरने पर बाध्य होगी।

