Pal Pal India

किसान और मंडियों से लगातार मुंह फेर रही भाजपा सरकार: डॉ. सुशील गुप्ता

 
  किसान और मंडियों से लगातार मुंह फेर रही भाजपा सरकार: डॉ. सुशील गुप्ता
 कुरुक्षेत्र/चंडीगढ़, 15 अप्रैल। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और इंडिया गठबंधन के तहत कुरुक्षेत्र लोकसभा से प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता और  आप  के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने संयुक्त प्रेसवार्ता कर किसानों के मुद्दे पर हरियाणा सरकार को घेरा। उनके साथ ओमप्रकाश गुर्जर, विशाल खुब्बड़, मास्टर सतबीर गोयत और जगवीर हुड्डा मौजूद रहे। इससे पूर्व, अखिल भारतीय गुर्जर महासभा हरियाणा के अध्यक्ष और 2009 व 2014 में कैथल विधानसभा राष्ट्रीय आर्य राजसभा के उम्मीदवार रहे नरेश आर्य ने आम आदमी पार्टी का दामन थामा। वहीं युवा नेता राहुल दादू के नेतृत्व में कुरूक्षेत्र के 500 युवा अन्य पार्टियों को छोडक़र आम आदमी पार्टी में शामिल हुए। डॉ सुशील गुप्ता ने कहा कि भाजपा किसान विरोधी सरकार है। देश के किसानों ने सवा साल तक दिल्ली के बॉर्डरों पर संघर्ष किया। जिसमें 750 से ज्यादा किसानों ने शहादत दी। जिसके बाद प्रधानमंत्री मोदी को माफी मांग कर तीनों कृषि कानून वापस लेने पड़े। उसके बाद से भाजपा के मन में किसानों के प्रति नफरत पैदा हो गई। जब जब फसल आती है तो हर बार किसानों के साथ गंदा खेल खेला जाता है। आज भी भाजपा सरकार किसान और मंडियों से लगातार मुंह फेर रही है। मौसम विभाग की अनेकों चेतावनियों के बाद भी सरकार ने मंडियो में पुख्ता इंतजाम नहीं किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दो दिन हुई बारिश और बूंदाबांदी से अन्नदाता की मेहनत पर फिर गया। लगभग 15 लाख टन फसल भीगने से खराब हो गई। रविवार को भी हरियाणा के कई जिलों में बारिश हुई जिसकी चेतावनी मौसम विभाग ने पहले से दे रखी थी। परंतु ज्यादातर मंडियों में अनाज खुले आसमान के नीचे पड़ा रहा। सिर्फ मंडियों में नहीं खेतों में भी गेहूं और सरसों पूरी तरह से भीग गई है। एक तरफ जहां मंडियों में अनाज के बड़े-बड़े ढेर लग गए हैं। वहीं दूसरी तरफ सरकार की नाकामी की वजह से उठान नहीं हो रहा है। क्योंकि भाजपा सरकार ने अपने चेहतों को ठेके दे दिए हैं। इसलिए सरकार उन पर कोई कार्रवाई नहीं करती। इतना ही नहीं मंडियों में बारदाने की किल्लत होती जा रही है। कुछ मंडियों में तो कहा जा रहा है कि अनाज सीधा अंबानी के गोदामों में भेजो। भाजपा मंडी सिस्टम को खत्म करने पर तुली है।