Pal Pal India

छोटी सरकार का अपमान कर रही भाजपा सरकार: केडिया

 
छोटी सरकार का अपमान कर रही भाजपा सरकार: केडिया

सिरसा, 11 मार्च। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के डेलीगेट नवीन केडिया ने राज्य सरकार पर छोटी सरकार का अपमान व लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजाक बनाने का आरोप लगाया है। 


यहां जारी बयान में नवीन केडिया ने कहा कि आज प्रदेश की ग्रामीण जनता ई-टेंडरिंग जैसी नीति के चलते सरकार से नाराज है, क्योंकि इससे  पंचायतों की स्वतंत्रता और गांवों के विकास पर अंकुश लग गया है। वहीं शहरी वर्ग प्रॉपर्टी आईडी के गड़बड़झाले व सफाई जैसे घोटालों की मार झेल रहा है। 


केडिया ने कहा कि गांव की छोटी सरकार का लोग सम्मान करते हैं और हमारे यहां आज भी पंचायती फैसलों को मान्यता है लेकिन सरकार ने छोटी सरकार के अधिकारों पर कुठाराघात करके ई-टेंडरिंग जैसे नियम लागू कर उनकी शक्तियों को कम करने का काम किया है। चुने हुए सरपंचों और उनके प्रतिनिधियों पर जिस बर्बरता से लाठीचार्ज और वाटर कैनन का प्रयोग किया गया वह लोकतंत्र में किसी तरह से भी न्यायोचित नहीं कहा जा सकता। 


कांगे्रस नेता ने सरकार से मांग की कि वह ई-टेंडरिंग और राइट टू री-कॉल जैसी हठधर्मी को छोड़े क्योंकि लोकतंत्र में शासन राजहठ से नहीं बल्कि जनता के हिसाब से चलता है। भाजपा की सरकार अनेक बार इस तरह के हठ करती रही है लेकिन हर बार उसे जनता के आक्रोश के आगे झुकना भी पड़ा है लेकिन नुकसान के बाद किसी बात को मानने से न तो प्रदेश का हित निहित है और न ही जनता का। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता इस राज से बुरी तरह दुखी हो चुकी है और कांग्रेस के शासन को याद करती है।