Pal Pal India

सत्ता में बने रहने की हकदार नहीं है भाजपा सरकार: हुड्डा

 
  सत्ता में बने रहने की हकदार नहीं है भाजपा सरकार:  हुड्डा
 रोहतक, 05 मई   पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि जो सरकार अपने नागरिकों को सुरक्षा नहीं दे सकती, वह सत्ता में बने रहने की हकदार नहीं है। क्योंकि अपराध और डर के साए में कोई भी प्रदेश तरक्की नहीं कर सकता। हुड्डा आज व्यापारी वर्ग की एक बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में व्यापारियों ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के समर्थन का ऐलान किया। इस मौके पर पहुंचकर नंबरदार एसोसिएशन ने भी कांग्रेस को अपना समर्थन दिया। बैठक के दौरान अन्य दलों से कई नेता व कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेस ज्वाइन की।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में बढ़ते अपराध का सबसे बड़ा शिकार व्यापारी वर्ग है। क्योंकि सरेआम फायरिंग, फिरौती और जान से मारने की धमकियों की वारदातें आम हो गई हैं। बीजेपी सरकार से व्यापारियों का भरोसा इस कदर उठ चुका है कि वो अब पुलिस को जानकारी देने से भी डरते हैं। अपनी जान बचाने के लिए उन्हें बदमाशों को फिरौती देनी पड़ती है। लेकिन कांग्रेस व्यापारियों से अपील करती है कि जान बचाने के लिए बदमाशों को फिरौती नहीं बल्कि सही जगह वोट दीजिए। कांग्रेस सरकार बनने पर पहले की तरह हरियाणा से अपराध और अपराधियों का सफाया तय है। व्यापारी वर्ग को सुरक्षित माहौल और हर नागरिक को डर के साये से छुटकारा देना कांग्रेस की गारंटी है। हुड्डा ने याद दिलाया कि 2005 में जब उनकी सरकार बनी थी तो प्रदेश में कई बदमाश और गैंगस्टर सक्रिय थे। अपराध उस समय भी अपने चरम पर था। लेकिन कांग्रेस सरकार ने कानून व्यवस्था का राज स्थापित करने को प्राथमिकता दी। सरकार ने बदमाशों को चेतावनी दी की या तो वह अपराध छोड़ दें या हरियाणा छोड़ दे। आखिरकार कांग्रेस ने अपराध को खत्म किया और हरियाणा को सबसे सुरक्षित राज्यों की श्रेणी में शामिल किया। कारोबारियों को सुरक्षित माहौल मिला तो उन्होंने भी जमकर निवेश किया। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, छोटे, बड़े, मध्यम हर किस्म के उद्योग व संस्थान हरियाणा में स्थापित हुए। इसके चलते खूब रोजगार सृजन हुआ और हरियाणा में बेरोजगारी नाम की कोई समस्या नहीं रही। इससे पहले हरियाणा नंबरदार एसोसिएशन की सुरेश जी प्रधान नंबरदार की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में संगठन ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के समर्थन का फैसला लिया। इस मौके पर हरियाणा नंबरदार स्टेट प्रधान जिले सिंह, प्रधान कुलदीप सिंह रोहतक, प्रधान सुरेश सांपला, प्रबंधक सुरेंद्र सिंह, उप-प्रधान बहु अकबरपुर वेदपाल टिटौली, भिवानी के प्रधान धर्मवीर सिंह सहित अन्य मौजूद थे।