Pal Pal India

400 का सपना देखने वाली भाजपा चुनावों में 200 का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी : अभय चौटाला​​​​​​​

 इनेलो नेता ने भाजपा प्रत्याशी तंवर को घेरा, कहा : ऐसे दल-बदलू नेताओं को सबक सिखाने का यही सही मौका
 
  400 का सपना देखने वाली भाजपा चुनावों में 200 का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी : अभय चौटाला​​​​​​​
फतेहाबाद 31 मार्च
इनेलो के प्रधान महासचिव एवं विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि भाजपा ने इस बार 400 पार का नारा दिया है लेकिन आज देश में जो हालात है, उसे देखकर साफ है कि इस बार भाजपा 200 के आंकड़े को भी पार नहीं कर पाएगी। देश की जनता बदलाव के मूड में है और देश ही नहीं हरियाणा में भी भाजपा का सुपड़ा साफ होगा। वे रविवार को फतेहाबाद की जाट धर्मशाला में लोकसभा चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। कार्यकर्ता बैठक को इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने भी संबोधित किया और लोकसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर डोर टू डोर जाकर भाजपा सरकार की पोल खोलने का आह्वान किया। बैठक की अध्यक्षता इनेलो जिला प्रधान बलविन्द्र कैरों व कार्यकारी जिला प्रधान हरि सिंह डांगरा ने की। बैठक में पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं और पटका पहनाकर अभय सिंह चौटाला व रामपाल माजरा का स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री रामस्वरूप रामा, पूर्व विधायक डॉ. सीताराम ने भी संबोधित किया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अभय सिंह चौटाला ने कहा कि हरियाणा में 25 मई को लोकसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों से अवगत करवाएं और उन्हें पार्टी के साथ जोड़ें। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों में भाजपा ने जैसे 400 पार का नारा दिया था, हरियाणा में भी उसने 75 पार का नारा दिया था लेकिन हरियाणा की जनता ने उसे 40 सीटों पर समेटते हुए सत्ता से बाहर कर दिया था लेकिन प्रदेश के कुछ स्वार्थी लोग जो चुनावों में भाजपा को जमकर कोस रहे थे, सत्ता के लालच में भाजपा की गोद में जा बैठे और जनता के साथ विश्वासघात किया। भाजपा ने साढ़े 4 साल तक उन्हें अपने साथ रखा और अब चुनाव नजदीक आते ही बाहर निकाल फैंका। केन्द्र सरकार को कोसते हुए अभय चौटाला ने कहा कि भाजपा ने चुनावों में वायदा किया था कि 15-15 लाख गरीबों के खाते में डालेंगे, 2 करोड़ लोगों को रोजगार देंगे, एमएसपी लागू करे, गैस सिलैण्डर सस्ता करेंगे, स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करेंगे, महंगाई कम करेंगे लेकिन चुनाव जीतने के बाद भाजपा सभी वायदों से भाग गई। आज बढ़ती महंगाई, बेरोजगार और भ्रष्टाचार ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। प्रोपर्टी आईडी के नाम पर जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है। लोगों को परेशान कर उन्हें लूटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नशा और अपराध बढ़ रहे हैं। कानून व्यवस्था खत्म हो चुकी है। इस सरकार से हर वर्ग के लोग दुखी और परेशान है और इससे छुटकारा पाना चाहते हैं।
सिरसा लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी अशोक तंवर को घेरते हुए अभय चौटाला ने कहा कि ऐसे दल-बदलू नेताओं का जनता से कोई सरोकार नहीं है। पहले वह कांग्रेस में रहा, फिर कांग्रेस छोडक़र टीएमसी में चला गया, फिर टीएमसी से आम आदमी पार्टी में चला गया। जब वह भी दाल नहीं गली तो वह भाजपा में शामिल हो गया। अभय चौटाला ने कहा कि कुछ दिन पूर्व वह एक कार्यक्रम में तंवर से मिले और भाजपा में शामिल होने पर पूछा तो कहा कि टिकट दे देेेंगे तो चुनाव लड़ लेंगे नहीं तो कोई ओर दरवाजा देख लेंगे। इस पर मैने तंवर से कहा कि हमारे दरवाजे इतने कमजोर नहीं है कि तेरे जैसे लोगों के लिए खुल जाएं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को जनता से कोई सरोकार नहीं है। ऐसे लोग इसलिए रोज पार्टियां बदलते हैं कि कहीं से उनका दांव लग जाए और वह एमपी, एमएलए बन जाए। ऐसे लोगों से हमें सावधान रहना है और यह चुनाव ऐसे नेताओं को सबक सिखाने का सही मौका है।
इनेलो प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने कहा कि भाजपा ने हमेशा किसान विरोधी फैसले लिए है। पहले काले कृषि कानून लागू किए। किसानों के विरोध के बाद पीएम को माफी मांगते हुए इन्हें वापस लेना पड़ा। इसके अलावा मेरी फसल, मेरा ब्यौरा शुरू कर किसानों को परेशान किया जा रहा है। फसल बीमा योजना के नाम पर भाजपा अपनी चहेती बड़ी कम्पनियों को मालामाल कर रही है जबकि किसानों को कंगाल किया जा रहा है। किसानों को ट्यूब्वैल कनैक्शन के लिए अनाप-शनाप शर्तें लगा दी गई हैं। मण्डियों में किसानों की फसलों की जमकर लूट की जा रही है। आज किसान ही नहीं जवान भी इस सरकार से दु:खी है। पहले फौज में जाने वालों को पैंशन, कैंटीन में सस्ता सामान, अस्पताल में उपचार मिलता था लेकिन भाजपा ने अग्निवीर योजना लाकर युवाओं के देशसेवा के सपने को चकनाचूर कर दिया। 4 साल बाद रिटायर किया जाता है। उन्हें न पेंशन, न कोई सुख-सुविधा मिलेगी। आज प्रदेश में सडक़ें टूटी हैं, अस्पतालों में दवाएं व डॉक्टर नहीं है। स्कूल में किताबें नहीं है। उन्होंने कहा कि चुनाव आते ही भाजपा द्वारा धर्म-जाति के नाम पर आपस में लड़वाया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी को मजबूत करें। अपना बूथ और अपने गांव को मजबूत करे। लोकसभा चुनावों में इनेलो को हर बूथ से जीत हासिल करनी होगी। इस अवसर पर हलका प्रधान जगदीश जैलदार, महिला विंग जिलाध्यक्ष मंजू बाजीगर, किसान सैल जिलाध्यक्ष उमेद नंबरदार, वरिष्ठ नेता अंगद ढिंगसरा, युवा इनेलो प्रदेश सचिव अजय रोहज, युवा इनेलो प्रदेश महासचिव राजेश भाकर, प्रदेश प्रवक्ता विकास मेहता, एससी प्रकोष्ठ जिला प्रधान रमेश लाली, बीसी सैल जिला प्रधान भागीराम सोनी, कर्मचारी प्रकोष्ठ जिला प्रधान रामस्वरूप दुग्गल, वरिष्ठ नेत्री सुमनलता सिवाच, संतोष माचरा, जिला प्रवक्ता यशपाल तनेजा, कृष्ण मांझू, युवा इनेलो हलका प्रधान निरंजन बैनीवाल, युवा इनेलो शहरी अध्यक्ष अमन शर्मा, उन्नत बैनीवाल, राजेन्द्र ढाका, स्वर्णकार सभा के प्रधान दीनानाथ सोनी, कश्मीर मैहता भूना, आईएसओ जिलाध्यक्ष अमित ताखर, चिरंजी लाल सोनी, पवन मुंजाल, अनिल मुखी, अजय जुनेजा, सौरभ रेल्हन, काठमंडल प्रधान मदन लाल जांगड़ा सहित अनेक इनेलो कार्यकर्ता मौजूद रहे।