Pal Pal India

भारत जोड़ो न्याय यात्रा व कांग्रेस संदेश यात्रा ने विपक्षियों की नींद उड़ाई : लाल बहादुर खोवाल

न्याय यात्रा व कांग्रेस संदेश यात्रा की प्रसिद्धि से घबराकर भाजपा सरकार पैदा कर रही अड़चनें : लाल बहादुर खोवाल
 
भारत जोड़ो न्याय यात्रा व कांग्रेस संदेश यात्रा ने विपक्षियों की नींद उड़ाई : लाल बहादुर खोवाल
 हिसार : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी द्वारा मणिपुर से मुंबई के लिए शुरू की गई भारत जोड़ो न्याय यात्रा एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा द्वारा हरियाणा में शुरू की गई कांग्रेस न्याय यात्रा की लोकप्रियता देखकर भारतीय जनता पार्टी की नींद उड़ गई है। हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट के अध्यक्ष एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने कहा कि ये दोनों यात्राएं मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने कहा कि हिसार में विशाल रैली करके अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव कुमारी सैलजा, सीडब्ल्यूसी के सदस्य रणदीप सुरजेवाला व विधायक किरण चौधरी सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने कांग्रेस न्याय यात्रा की ऐतिहासिक शुरूआत की और अब इस यात्रा के माध्यम से अन्य जिलों में कांग्रेस की नीतियों का प्रचार किया जा रहा है। इसके माध्यम से वरिष्ठ नेता राहुल गांधी व पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। इतना ही नहीं लोगों के समक्ष भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का खुलासा भी किया जा रहा है।

      एडवोकेट खोवाल ने कहा कि कांग्रेस संदेश यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर आयोजित रैली, जनसभा, नुक्कड़ सभा व बैठकों के दौरान उत्तराखंड की प्रभारी कुमारी सैलजा व अन्य नेताओं का भव्य स्वागत किया जा रहा है। कुमारी सैलजा के विचार सुनने के लिए हजारों लोग उमड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा में उमड़ रही भीड़ इस बात का प्रतीक है कि जनता भाजपा की नीतियों व कार्यशैली से तंग आकर उसे उखाड़ फेंकने के लिए तैयार है। इसके साथ-साथ लोग कांग्रेस की नीतियों में विश्वास भी जता रहे हैं।  
     खोवाल ने कहा कि भाजपा सरकार न्याय यात्रा व कांग्रेस संदेश यात्रा की प्रसिद्धि देखकर घबरा गई है। इसलिए इन यात्राओं के दौरान सरकार द्वारा विभिन्न माध्यमों से अड़चनें पैदा की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे कितने प्रपंच रच ले लेकिन इन यात्राओं से लोगों के जुड़ने का सिलसिला जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का असली चेहरा अब जनता के सामने आ चुका है। लगातार बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी व लचर कानून व्यवस्था के चलते आम आदमी का जीना दूभर हो गया है। किसान, मजदूर, गरीब व पिछड़ा वर्ग की हितैषी बनकर भाजपा ने वोट हासिल किए थे लेकिन सरकार ने किसी के हित के लिए कोई काम नहीं किया। इस सरकार के सभी दावे खोखले निकले हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव व हरियाणा विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को धूल चटाने का काम करेगी। 

(प्रेषक : हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट, हिसार  मो. 9416122556)
फोटो कैप्शन : एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल।