जननायक जनता पार्टी में ठीक नहीं सब कुछ

चंडीगढ़, 16 फरवरी। हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत सिंह चौटाला की कार्यप्रणाली से उनकी पार्टी के विधायक खुश दिखाई नहीं दे रहे। पहले नारनौंद विधायक रामकुमार गौतम, फिर नरवाना विधायक रामनिवास सुरजाखेडा, गुहला चीका विधायक ईश्वर सिंह और अब बरवाला विधायक जोगीराम राम सिहाग भी नाराज चल रहे हैं। इनमें से कुुछ की नाराजगी का कारण मंत्री पद है तो कुछ का विकास कार्य न होना।
वहीं विधायक फोन न उठाने और उनकी सुनवाई न होने का भी आरोप लगा चुके हैं। हालांकि डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला भी नाराज विधायकों को समय- समय पर सार्वजनिक तौर पर नसीहत दे चुके हैं। विधानसभा चुनावों से पहले लोकसभा चुनाव आने में सवा साल बचा है। ऐसे में इन विधायकों की नाराजगी जननायक जनता पार्टी को आने वाले चुनाव में भारी पड़ सकती है।
2019 के चुनाव में जीती 10 सीटें
हरियाणा में जजपा ने साल 2019 विधानसभा चुनाव में 10 सीटें जीती थी। भाजपा को समर्थन देकर गठबंधन में शामिल हुए और दुष्यंत चौटाला डिप्टी सीएम बने। सबसे पहले नारनौंद के विधायक रामकुमार गौतम मंत्री पद न मिलने से पार्टी से नाराज हो गए। आज भी डिप्टी सीएम को कोसने का मौका नहीं छोड़ते। वहीं मनोहर लाल की प्रंशसा करने से भी नहीं हिचकिचाते।
सुरजाखेड़ा को बनाया गया का चेयरमैन
नरवाना के विधायक राम निवास सुरजाखेड़ा को अक्टूबर 2020 में राजी करने के लिए खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड का चेयरमैन बनाया गया था। शहरी निकाय चुनाव में सुरजाखेड़ा का भाजपा प्रेम जागा और निर्दलीय जीती चेयरपर्सन व पार्षदों को मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में भाजपा में शामिल करवा दिया। इसके बाद जजपा नाराज हुई और उससे ग्रामोद्योग बोर्ड के चेयरमैन का पद छीन लिया।
विकास कार्य न होने पर नाराज
गुहला चीका के विधायक ईश्वर सिंह भी अपने क्षेत्र में विकास कार्य न होने पर नाराज हैं और पार्टी कार्यक्रमों से दूरी बनाए हुए हैं। नाराज विधायक समय-समय पर सार्वजनिक मंचों पर सीएम मनोहर लाल की प्रशंसा करते दिखाई देते हैं।
एयरपोर्ट मुद्दे पर जोगीराम सिहाग नाखुश
बरवाला विधायक जोगीराम सिहाग भी हिसार एयरपोर्ट के तलवंडी राणा गांव को जाने वाले रास्ते को बंद करने से नाराज हैं। डिप्टी सीएम ने विधायक का फोन नहीं उठाया। ऐसे में कल धरने पर डिप्टी सीएम और जजपा के खिलाफ नारे लगे तो जेजेपी विधायक चुपचाप सुनते रहे। विधायक ने मीडिया से बातचीत करते हुए कह दिया कि वे सरकार से नाराज और ग्रामीणों के साथ हैं।
नाराज की टिकट कटना तय
हरियाणा में अगले विधानसभा चुनाव साल 2024 में है। इन चुनावों में पार्टी की ओर से नाराज विधायकों की टिकट कटना तय है। नारनौंद और नरवाना में पार्टी का नए उम्मीदवार उतारा जाना लगभग तय हो चुका। गुहला चीका विधायक ईश्वर सिंह भी चुनावों से पहले कांग्रेसी थे और टिकट न मिलने पर जजपा से लड़े। वे भी पुरानी पार्टी में लौट सकते हैं। वहीं नरवाना विधायक राम निवास सुरजाखेडा अपने क्षेत्र में विकास कार्य करवाने के लिए सीएम को श्रेय दे चुके। वे बीजेपी ज्वाइन कर सकते हैं। रामकुमार गौतम अगला चुनाव न लडऩे की बात कई बार पब्लिक फोरम पर बोल चुके हैं।