Pal Pal India

किसानों के प्रवेश को रोकने के लिए प्रशासन मुस्तैद

 
 किसानों के प्रवेश को रोकने के लिए प्रशासन मुस्तैद
सिरसा, 9 फरवरी किसानों को दिल्ली कूच करने से रोकने के लिए प्रशासन ने बड़े स्तर पर तैयारियां की हैं। नेशनल हाईवे-9 पर खैरेकां के पास बड़े-बड़े डिवाइडर ब्लॉक रखे गए हैं। 13 फरवरी को अगर स्थित बिगडती है तो हाईवे सील करने के लिए डिवाइडर ब्लॉक सड़क के बीच लगा दिए जाएंगे।
प्रशासन की योजना है कि किसी भी तरह पंजाब और सिरसा जिला के किसानों को दिल्ली कूच न करने दिया जाए। इसलिए, पंजाब बॉर्डर और सिरसा के दिल्ली जाने वाले रास्तों पर बैरिकेड व डिवाइडर ब्लॉक पहुंचाए गए हैं। पुलिस ने मुख्य रास्तों व लिंक रोड पर भी नाके लगाने की तैयारी की है। वहीं, पंजाब से आने वाले सभी रास्तों पर पुलिस और गुप्तचरों की नजर है। प्रशासन की ओर से किसान संगठनों से आग्रह किया जा रहा है कि किसी भी गैर कानूनी गतिविधि में भाग न लें। लिखित में नोटिस भी दिया गया है।
अर्धसैनिक बलों की कंपनियां बुलाईं
प्रशासन ने जिले में अर्धसैनिक बलों की 5 और हरियाणा पुलिस की कई कंपनियां बुलाई हैं। इन्हें पंजाब सीमा और मुख्य मार्गों पर तैनात किया जाना है। किसान संगठनों ने तय पर फसल खरीदने, 2021-22 का मुआवजा देने, बिजली बिल माफ करने, कर्ज माफी, लखीमपुर-खीरी में किसानों मौत के आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर आंदोलन की घोषणा की है। बता दें कि बीते आंदोलन के दौरान सिरसा जिले में बॉर्डर पर पंजाब के किसानों को रोकने की सूचना पर हजारों किसान आगे आए थे। किसानों के ट्रैक्टरों के आगे पुलिस के अवरोधक टिक नहीं पाए और हजारों किसान दिल्ली कूच कर गए। अब फिर पुलिस उस घटना को दोहराने से रोकने के लिए पहले ही इंतजाम में जुटी है।