एडीजीपी श्रीकांत जाधव ने पुलिस लिखी थार का चालान काटा

हिसार, 19 मार्च। स्थानीय पुलिस ने शनिवार रात नाइट डोमिनेशन अभियान चलाया। स्वयं एडीजीपी श्रीकांत जाधव ने रात में शहर के पुलिस नाकों का दौरा किया। एडीजीपी ने कारों में सवार लोगों से कोई परेशानी होने बारे जानकारी ली।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्रीकांत जाधव ने नाके पर पंजाब नंबर की एक थार गाड़ी का चालान भी कटवाया। गाड़ी चालक ने शराब पी रखी थी। साथ ही उसकी गाड़ी पर पुलिस शब्द लिखा हुआ था। एडीजीपी जाधव ने कहा कि गाड़ी पर पुलिस लिखा हुआ है। इसका चालान काटो और इंपाउड करो।
वह खुद पुलिस अफसर हैं, फिर भी उन्होंने अपनी सरकारी गाड़ी पर पुलिस नहीं लिखवाया। एडीजीपी के आदेश पर गाड़ी के चालान काट दिए। हिसार पुलिस का रात 10 बजे से 2 बजे तक नाइट डोमिनेशन अभियान चला।
सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर कार्रवाई
एडीजीपी श्रीकांत जाधव ने कुछ दिन पहले ही हिसार रेंज आईजी का चार्ज लिया है। उन्होंने आते ही शहर में खुले में शराब पीने वाले लोगों, अवैध अहातों और स्पा सेंटरों पर कार्रवाई की। उनके आदेश पर शहर में अवैध गतिविधियों का संचालन करने वालों लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई चल रही है। तेजतर्रार एडीजीपी की लगातार कार्रवाई से अपराधी किस्म के लोगों में हडक़ंप का माहौल है।