भारत में अडानी-अंबानी और हरियाणा में गुंडों का राज, बदलाव के लिए आगे आएं युवा – डॉ अजय सिंह चौटाला
भाजपा सरकार का सस्ती शिक्षा व्यवस्था पर कोई ध्यान नहीं, बस मुनाफा कमाने की सोच रखती है सरकार – दुष्यंत चौटाला

डॉ अजय सिंह चौटाला ने कहा कि हरियाणा में बाढ़ से किसानों की लाखों एकड़ पक्की पकाई फसल बर्बाद हुई है और सीएम हवा-हवाई बयान देते है कि हम किसानों के आंसू पोंछेंगे। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि पड़ौसी राज्यों पंजाब, हिमाचल, उत्तराखंड में बाढ़ पीड़ितों की मदद करने का दावा करने वाली हरियाणा की भाजपा सरकार ने दुख की घड़ी में क्या अपनों को संभाला ? अजय चौटाला ने कहा कि भाजपा के केंद्रीय मंत्री यहां फोटो खिंचवा कर बड़ी-बड़ी बातें करके चले गए, लेकिन अब तक पीड़ितों को मुआवजा नहीं मिला। डॉ चौटाला ने कहा कि तमाम हालातों को देखते हुए युवाओं को बदलाव की अंगड़ाई लेनी होगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि आज युवा जेजेपी के युवा योद्धा सम्मेलन से प्रदेश और देश में बदलाव का संकल्प लेकर जाएं।
पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत ने कहा कि शिक्षा का निजीकरण किया जा रहा है और शिक्षा के स्तर को बढ़ाने की बजाय भाजपा सरकार शिक्षा से मुनाफा कमाने की सोच रखती है। उन्होंने कहा कि पोस्ट ग्रेजुएशन के कोर्स की पढ़ाई के लिए सरकारी कॉलेजों में मात्र सात हजार रुपए फीस है, जबकि सरकारी विश्वविद्यालयों में उसी कोर्स का खर्चा 50 हजार रुपए होता है। इतना ही पर्ची खर्ची नहीं का नारा देने वाली भाजपा सरकार में विश्वविद्यालयों में बैक डोर एंट्रियां हो रही है। उन्होंने सीडीएलयू का उदाहरण देते हुए कहा कि यहां वीसी ने बिना अनुमति के 18 नौकरियों की भर्ती कर दी, जबकि तीन महीने बाद उन भर्तियों का विज्ञापन निकाला गया। दुष्यंत चौटाला ने युवाओं से आह्वान किया कि वे सीडीएलयू में भर्ती प्रक्रिया में बरती गई अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन करे।
पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने यह भी कहा कि आज किसान भी भाजपा सरकार से दुखी है। उन्होंने कहा कि न तो धान खरीद को लेकर मंडियां में व्यवस्था की गई है और न ही बाजरे को एमएसपी पर खरीदा जा रहा। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को भी मुआवजा देने में भाजपा सरकार देरी कर रही है। उन्होंने कहा कि हमने सरकार में रहते हुए तुरंत बाढ़ पीड़ितों को पंजाब से दोगुने से भी ज्यादा मुआवजा दिया था, लेकिन अब हरियाणा में भाजपा सरकार ने पंजाब से पांच हजार रुपए कम मुआवजा देने की घोषणा की है। साथ ही पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने विधानसभा चुनाव में भाजपा, इनेलो और हलोपा की मिलीभगत पर शायराना अंदाज में कहा कि "झूठों ने झूठों से कहा है सच बोलो, सरकारी ऐलान हुआ है सच बोलो, घर के अंदर तो झूठों की एक मंडी है, दरवाजे पर लिखा हुआ है सच बोलो" दुष्यंत चौटाला ने आगे कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा और इनेलो का अघोषित गठबंधन था।
जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा ने कहा कि जेजेपी के इस जिला सम्मेलन ने रैली का रूप ले लिया और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए युवाओं, पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार। वहीं जेजेपी राष्ट्रीय संगठन सचिव राजेंद्र लितानी ने मिशन दुष्यंत सीएम-2029 का नारा दिया और युवाओं से इस मिशन में जुट जाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के आयोजक जेजेपी युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि युवा योद्धा कार्यक्रम से नई क्रांति का आगाज हुआ है और इससे पहले वे प्रदेश के सभी 90 हलकों और 650 गांवों में गए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार से युवा सबसे ज्यादा परेशान है, क्योंकि भाजपा सरकार ने रोजगार देने के लिए कुछ नहीं किया। दिग्विजय ने कहा कि पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला द्वारा युवाओं के रोजगार के लिए बनाए गए कानून 75 प्रतिशत रोजगार को भाजपा सरकार भूल गई। दिग्विजय ने कहा कि आज 50 प्रतिशत से ज्यादा सीटें सरकारी कॉलेजों, विश्वविद्यालयों में खाली पड़ी है और शिक्षण संस्थानों पर आरएसएस का कब्जा है। ऐसे में खराब शिक्षा व्यवस्था, बढ़ती बेरोजगारी, अपराध, नशे को देखते हुए जेजेपी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलेगी। कार्यक्रम के शुरुआत में वरिष्ठ जेजेपी नेताओं ने जननायक चौधरी देवीलाल को याद करते हुए उन्हें नमन किया।

