Pal Pal India

डा. इंद्र चंद्र शास्त्री जैसे महान व्यक्ति युगों-युगों तक याद रहते हैं: सिंगला

 
  डा. इंद्र चंद्र शास्त्री जैसे महान व्यक्ति युगों-युगों तक याद रहते हैं: सिंगला
डबवाली 27 मई
अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन द्वारा महान स्वतंत्रता सेनानी एवं संस्कृत के विद्वान डा. इंद्र चंद्र शास्त्री के जन्म दिवस पर स्वतंत्रता सेनानी पार्क में स्थापित उनकी प्रतिमा के समक्ष आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शहर की विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उपस्थित होकर डा. इंद्र चंद्र शास्त्री की प्रतिमा पर फूलमालाएं पहनाकर उन्हें नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। सभा में बोलते हुए वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ के महामंत्री लेफ्टिनेंट शशि कांत शर्मा ने कहा कि डा. इंद्र चंद्र शास्त्री द्वारा अपने जीवन काल में अलग-अलग विषयों एवं धर्मों पर लिखे शोध पत्र एवं ग्रंथ हमारा सदैव मार्गदर्शन करते रहेंगे।
अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन पंजाब प्रदेश के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंगला ने कहा कि यह एक प्रेरणीय विषय है कि मृत्यु से 25 साल पहले शास्त्री जी की आंखों की रोशनी चली जाने के पश्चात भी उन्होंने जीवन के अंत तक 600 शोध पत्र एवं 70 ग्रंथ लिखने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन द्वारा लिखे गए ग्रंथों का समय-समय पर कई राज्य सरकारों द्वारा विधिवत प्रकाशन किया गया। यही कारण था कि भारत सरकार द्वारा उनकी स्मृति में 5 रुपए की डाक टिकट जारी कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। ऐसे महान व्यक्ति युगों-युगों तक याद रखे जाते हैं। उन्होंने बताया कि शास्त्री जी हरियाणा के झज्जर शहर में सुप्रसिद्ध अधिवक्ता नियादर मल की बेटी तारावती से विवाहित थे। उनके चार पुत्रियां व दो पुत्र थे। जिनमें से एक पुत्र सत्य सुमन वरिष्ठ राष्ट्रीय पत्रकार थे व दूसरे पुत्र स्नेह सुमन ने अपने पिता के कार्यों से प्रभावित होकर शादी न करवाने का फैसला कर अपने पिता के अधूरे कार्यों को पूरा करने का संकल्प लिया। इस सभा में अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के राष्ट्रीय संरक्षक सदस्य शाम लाल जिंदल गंगा, सिंगला परिवार डबवाली फाऊंडेशन के कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण सिंगला, चंदन सिंगला, अमित सिंगला, विनय सिंगला मैहता वाले, युवा रक्तदान सोसायटी के पूर्व अध्यक्ष संतोष शर्मा, कोषाध्यक्ष राम गोपाल मित्तल, व्यापारी टीकम चंद जग्गा, पंजाबी सभा के सचिव अशोक वधवा पम्मी, जिला समाज कल्याण विभाग से रिटायर्ड अधिकारी राजीव गांधी, भारतीय सेना के लेखा मंत्रालय से रिटायर्ड अधिकारी राजन शर्मा, अग्रवाल सभा के उपाध्यक्ष दविंद्र मित्तल, एपेक्स क्लब के अध्यक्ष सुभाष मेहता, दूरसंचार विभाग से रिटायर्ड एसडीओ राकेश बांसल, डा. प्रेम गोयल शामिल थे। सभा के समापन पर राष्ट्रीय गान के उपरांत लड्डू वितरित किए गए।