Pal Pal India

विधानसभा में जनता के मुद्दों से भागती नजर आई सरकार: हुड्डा

कौशल निगम हरियाणवी युवाओं के भविष्य से बड़ा खिलवाड़
 
विधानसभा में जनता के मुद्दों से भागती नजर आई सरकार: हुड्डा 
रोहतक, 30 दिसंबर। पूर्व सीएम व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कहना है कि विधानसभा के शीतकालीन सत्र में सरकार जनता के मुद्दों से भागती हुई नजर आई। कांग्रेस की ओर से दर्जनों मुद्दे उठाए गए लेकिन सरकार उन पर चर्चा के लिए भी तैयार नहीं हुई। 
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सदन में गन्ने के भाव में बढ़ोतरी की मांग की। लेकिन सरकार टस से मस नहीं हुई। प्रदेश के किसान 450 रुपये प्रति क्विंटल रेट की मांग कर रहे हैं। लेकिन सरकार पंजाब के समान भाव देने के लिए भी तैयार नहीं है। इस बार सरकार ने गन्ने के भाव में एक पैसे की भी बढ़ोत्तरी नहीं की।
हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा में कौशल रोजगार निगम का मुद्दा उठाया। निगम का मकसद पक्की नौकरियों, मेरिट, आरक्षण और भर्ती संस्थाओं को खत्म करके ठेका प्रथा को बढ़ावा देना है। कौशल निगम के जरिए सरकार पढ़े-लिखे व योग्य युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। सरकार ने मेरिट प्रक्रिया को दरकिनार करके निगम की भर्ती के लिए परिवार की आय को आधार बनाया है। जबकि परिवार पहचान पत्र में दर्ज आय में इतनी खामियां हैं कि वो दूर ही नहीं हो रही। सरकार पीपीपी व प्रॉपर्टी आईडी जैसी योजनाओं को जनता पर थोपकर उन्हें परेशान कर रही है।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा रोहतक में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने हाल ही में सामने आए शराब घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार इस पर भी जवाब देने को तैयार नहीं। सदन में टेबल होने के बावजूद सरकार ने प्रस्ताव पेश नहीं होने दिया। इससे सरकार की नीयत में खोट नजर आता है। एक महिला द्वारा प्रदेश के मंत्री पर लगाए गए छेड़छाड़ के आरोपों पर बोलते हुए हुड्डा ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि खुद सरकार के विधायक विधानसभा में बता रहे हैं कि सरकार स्कूलों में टीचर तक देने में नाकाम है। आज हरियाणा बेरोजगारी के मामले में देश में नंबर वन है। स्थिति ऐसी हो गई है कि स्कूलों में टीचर, अस्पतालों में डॉक्टर और सरकारी दफ्तरों में कर्मचारियों का टोटा है।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की विस्तार से जानकारी देते हुए हुड्डा ने बताया कि हरियाणा में यात्रा के दूसरे चरण को सफल बनाने के लिए कांग्रेस लगातार तैयारियों में जुटी हुई है। कार्यकर्ताओं की बैठकें लेकर यात्रा और पानीपत रैली को लेकर सभी की जिम्मेदारियां निर्धारित की जा रही हैं।
हरियाणा में यात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत 5 जनवरी से होगी। यूपी से सनौली (पानीपत) होते हुए राहुल गांधी हरियाणा में दाखिल होंगे। 6 जनवरी को पानीपत में बड़ी जनसभा होगी, जिसमें हजारों की तादाद में लोग शामिल होंगे। भीड़ के मामले में यह रैली रिकॉर्ड तोड़ साबित होगी। 7 जनवरी को यात्रा करनाल और 8 को कुरुक्षेत्र में पहुंचेगी। 10 तारीख को ब्रेक डे रहेगा। इसके बाद 11 तारीख को यात्रा अंबाला से पंजाब में दाखिल हो जाएगी।