Pal Pal India

किसानों की फसल का 72 घंटे में किया 12 हजार करोड़ रुपये का भुगतान :- उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला

- कहा, आने वाले समय में और भी जल्द होगा भुगतान
- गेंहू की फसल के दाम बढ़ाने पर केंद्र सरकार का जताया आभार
- सीईटी परीक्षा को लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने स्वयं की मोनिटरिंग
- कांग्रेस तोड़ो यात्रा साबित होगी राहुल की यात्रा
 
  किसानों की फसल का 72 घंटे में किया 12 हजार करोड़ रुपये का भुगतान :- उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला
रोहतक, 24 नवंबर हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने पिछले दिनों गेहूं का मूल्य बढ़ाने पर केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। दुष्यंत चौटाला आज रोहतक स्थित पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।  दुष्यंत चौटाला ने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों की फसल का 72 घंटे के भीतर 12 हजार करोड़ रुपए का भुगतान किया है। उन्होंने कहा कि सरकार आने वाले समय में और बेहतर व्यवस्था करेगी। सरकार का प्रयास है कि जे फार्म कटने के साथ ही किसान की फसल का भुगतान हो जाए। इस संदर्भ में उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में किसानों की फसल का भुगतान करने में 5 दिन लग जाते हैं, जबकि पड़ोसी राज्य पंजाब में 7 दिन में किसानों की फसलों का भुगतान होता है। उन्होंने कहा कि गेहूं का दाम पिछले कुछ समय में 10 प्रतिशत से भी ज्यादा बड़ा है। किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अब मंडियों में 2 दिन तक नहीं रहना पड़ता। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सामान्य पात्रता (सीईटी) परीक्षा को लेकर सभी जिलों में बेहतर व्यवस्था की गई थी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने स्वयं व्यवस्था व प्रबंधों को मॉनिटर किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सडक़ों का इंफ्रास्ट्रक्चर लगातार मजबूत हो रहा है। इससे राज्य में और अधिक उद्योग आएंगे और प्रदेश का और अधिक तेजी से विकास होगा। कॉमन मिनिमम कार्यक्रम के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उन्होंने 17 हजार रुपये मिनिमम वेज का वादा किया था, जो अब कौशल विकास निगम के माध्यम से लागू हो चुका है। बुढ़ापा पेंशन में लगातार वृद्धि हो रही है। पंचायतों में 50 प्रतिशत महिलाओं व बीसी ए को आरक्षण दिया गया है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए यह कांग्रेस तोड़ो यात्रा साबित होगी और कांग्रेस का अंत हो जाएगा। एक अन्य सवाल में उन्होंने कहा कि पार्टी के स्थापना दिवस पर आयोजित की जाने वाली रैली के माध्यम से संगठन की मजबूती का आंकलन किया जाएगा। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जेजेपी-भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे।