Pal Pal India

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा रही सफल: केडिया

 
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा रही सफल: केडिया
सिरसा, 21 जनवरी। वरिष्ठ कांग्रेस नेता नवीन केडिया ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा कामयाब रही है और राहुल गांधी नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने में सफल रहे हैं। 
यहां जारी बयान में केडिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के सत्ता में आने के बाद अकेले उत्तर प्रदेश में 2017 में 195 सांप्रदायिक घटनाएं रिकार्ड की गई हैं। 2019-20 के बीच इसमें 7.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इसी तरह से नुपुर शर्मा द्वारा हजरत मोहब्बत पर विवादित टिप्पणी की गई। लव जिहाद, हिजाब, हमला, हत्याएं और सांप्रदायिकता की बढ़ती घटनाओं ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। 
उन्होंने कहा कि हेट स्पीच के मामले बढ़े हैं जिससे नफरत और अविश्वास पनपता है जो किसी भी देश की उन्नति में बाधक साबित होता है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देश में फैल रही इसी सांप्रदायिकता और अशांति को दूर करने के लिए भारत जोड़ो यात्रा निकाली और यह संदेश देने में कामयाब रहे कि देश के लोग आपस में एकजुटता से रहते हैं। वे आपस में प्यार करते हैं। राहुल गांधी ने जो बयान दिया कि वे नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने के लिए निकले हैं, उस पर वे वास्तव में खरे उतरे हैं। 
कांग्रेस नेता नवीन केडिया ने कहा कि गाय, गांव, गरीब, गीता और गंगा की बात करने वाली भारतीय जनता पार्टी तहजीब भूल गई है। उसके नेता आत्म प्रवंचना के शिकार हैं और लोगों को देश के मुख्य मुद्दों और मूल भावना से भडक़ाने का काम कर रहे हैं। देश की आम समस्याएं बेरोजगारी, बेकारी, महंगाई, बुनियादी सुविधाओं की तरफ सरकार का ध्यान नहीं है बल्कि वह देश को भटकाव के रास्ते पर ले जा रही है परंतु भारत जोड़ो यात्रा ने लोगों को जागृत किया है। अब कांग्रेस पार्टी को सत्ता में आने से कोई नहीं रोक सकता। कांग्रेस के आने के बाद ही देश की आम समस्याओं का निराकरण होगा।