Pal Pal India

वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर बेमियादी हड़ताल पर गए पटवारी

 
वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर बेमियादी हड़ताल पर गए पटवारी
रोहतक, 29 दिसंबर। जिला के पटवारियों द्वारा तहसील कार्यालय के बाहर पिछले तीन दिन से चल रहा धरना अब बेमियादी हड़ताल में बदल दिया है। तहसील में काम प्रभावित रहेगा। पटवारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं हो जाता, हड़ताल नहीं खोलेंगे। यह हड़ताल दी रेवेन्यू पटवारी एवं कानूनगो एसोसिएशन द्वारा की जा रही है।
कर्मचारियों ने निर्णय लिया कि जब तक सरकार पे ग्रेड बढ़ाने की मांग को पूरा नहीं करती, तब तक कलम छोड़ हड़ताल जारी रहेगी। उनकी हड़ताल से आमजन को होने वाली परेशानियों की जिम्मेदार स्वयं सरकार है। 
सरकार के अडय़िल रुख के कारण राज्य कार्यकारिणी ने कार्य बहिष्कार, धरना प्रदर्शन जारी रखने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जयंती के उपलक्ष्य में 29 दिसंबर को सरकारी अवकाश है, लेकिन धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। कर्मचारियों की मांगों के समर्थन में सर्व कर्मचारी संघ, भारतीय किसान सभा, नंबरदार एसोसिएशन, वसीका नवीस, रेवेन्यू अफसर एसोसिएशन, अध्यापक संघ, रिटायर्ड कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि पहुंच चुके हंै।
बता दें कि पटवारियों ने 26 दिसंबर से धरना शुरू किया था। यह धरना पे ग्रेड बढ़वाने और पटवारियों के नए पद सृजित करने आदि की मांगों को लेकर है। राजस्व विभाग के पटवारियों ने पहले काले बिल्ले लगाकर रोष जताया था। इसके बाद 26 से तीन दिन के लिए हड़ताल शुरू कर दी। रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन के प्रधान अनिल खोखर ने बताया कि सरकार हमारी मांगों का समाधान नहीं कर रही। पटवारियों का कहना है कि सरकार उनसे काम तो ज्यादा ले रही है, लेकिन ग्रेड-पे में बढ़ोतरी नहीं कर रही।
द रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष जयबीर चहल ने बताया कि उनकी सबसे प्रमुख मांग पे ग्रेड की है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर उनकी मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। कहा कि सरकार ने पे ग्रेड और पद बढ़ाने की बजाय फाइलों को वापस भेज दिया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पटवारियों के 1200 पद खाली हैं। वर्ष 2016 में 816 पद स्वीकृत हुए थे, लेकिन उन्हें आज तक नहीं भरा गया। जिलाध्यक्ष अनिल खोखर ने चेतावनी दी कि 3 दिन की हड़ताल के बाद भी सरकार ने वार्ता हेतु नहीं बुलाया तो आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी।