जुयाल को मिली नगर निगम चुनाव गुरुग्राम की जिम्मेदारी

यमुनानगर, 4 जनवरी। गुरुग्राम, फरीदाबाद व मानेसर नगर निगम चुनावों तथा सिरसा नगर पार्षद चुनावों को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने भाजपा नेताओं की नियुक्तियां कर दी हैं। प्रदेश सह प्रवक्ता व यमुनानगर से वरिष्ठ भाजपा नेता भारत भूषण जुयाल को गुरुग्राम निगम चुनाव में संगठनात्मक कार्यों का दायित्व देकर बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। जुयाल पहले ऐसी जिम्मेदारियां सफलतापूर्वक निभा चुके हैं।
गत वर्ष उत्तराखंड विधानसभा चुनावों में हरियाणा की टीम में वे 22 विधानसभा क्षेत्रों के सह प्रभारी व हाल ही में संपन्न हिमाचल विधानसभा चुनावों में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के गृह जिला बिलासपुर के प्रभारी के रूप में नियुक्त रहे जहां पार्टी को चुनावों में भारी सफलता प्राप्त हुई।
आगामी चुनावों को लेकर किए गए सवाल के उत्तर में जुयाल ने कहा कि विभिन्न चुनावों में पार्टी के अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ प्राप्त अनुभव तथा गत तीन वर्षों में प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ के नेतृत्व में प्राप्त मार्गदर्शन व प्रशिक्षण के आधार पर मैं विश्वास से कह सकता हूं इस चुनाव में मैं अपना शत प्रतिशत देने व साथी कार्यकर्ता बंधुओं का शत प्रतिशत लेने में सफल होकर पार्टी गुरुग्राम नगर निगम में भी भाजपा की सरकार बनाने में सफल होगी। जुयाल ने इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देने व स्वयं में विश्वास बनाए रखने के लिए पार्टी नेतृत्व व प्रदेशाध्यक्ष धनखड़ का आभार व्यक्त किया।