Pal Pal India

रोहतक में मासूम को निगल गई तेज रफ्तार

कार ने घर के बाहर खेल रही दो साल बच्ची को कुचला
 
रोहतक में मासूम को निगल गई तेज रफ्तार

रोहतक, 19 नवंबर। कलानौर खंड के गांव मसूदपुर दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां तेज रफ्तार कार एक मासूम बच्ची को निगल गई। तेज गति की कार ने गली में खेल रही दो साल की बच्ची को बुरी तरह से कुचल दिया। गंभीर हालत में बच्ची को रोहतक पीजीआई लाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में कलानौर थाने में कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। थाना कलानौर पुलिस को दी शिकायत में मृतक बच्ची की मां लक्ष्मी ने बताया कि बीती देर शाम उनकी दो साल की बेटी गिरिशा अपने घर के बाहर सामने गली में खेल रही थी। तभी एक कार चालक अपनी कार को काफी तेज रफ्तार से लेकर आया और अपनी कार से सीधी टक्कर उनकी बेटी को मार दी। कार गिरिशा के शरीर के ऊपर से गुजर गई। मैंने उस कार का पीछा करने के लिए चीखकर आवाज लगाई, लेकिन कार चालक तेजी से भाग गया। बेटी को पास जाकर देखा तो वह खून से लथपथ हो चुकी थी। उस समय मेरी ननद भारती मेरे साथ थी। भारती भी उस कार के पीछे दौड़ी। कुछ दूरी पर जाकर एक्सीडेंट करने वाली कार के चालक ने अपनी कार को रोक तो लिया, लेकिन जैसे ही ननद भारती ने चालक को देखा तो वह कार चालक वहां से भी अपनी कार को लेकर भाग गया। मौके पर कोई व्हीकल अस्पताल जाने वाला भी नहीं था। एक वाहन का इंतजाम कर घायल गिरिशा को इलाज के लिए पीजीआई में दाखिल करवाया गया। यहां पहुंचते ही डॉक्टर ने गिरिशा को मृत घोषित कर दिया। एक्सीडेंट करने वाली कार चालक के खिलाफ पुलिस मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बच्ची के पिता राहुल ने बताया कि बेटी गिरिशा एक महीने बाद ही दो साल की होने वाली थी। अभी 19 दिसंबर को उसका दूसरा जन्मदिन मनाना था। गांव में ही सैलून चलाने वाले राहुल कहते हैं कि बेटी पाने के लिए बेरी में मां भीमेश्वरी देवी के चरणों में मन्नत मांगी थी। तब फूल सी बिटिया पैदा हुई थी। बेटी के जन्मदिन को बेहतरीन मनाने के लिए भी कई ख्वाहिशें मन में थी। खैर, अब कुछ नहीं बचा। वहीं, पिता राहुल बेटी के जाने के बाद से गमजदा हैं। उन्हें अहसास नहीं हो पा रहा कि उनकी बेटी अब इस दुनिया में नहीं रही।