Pal Pal India

हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह ने खेल विभाग मुख्यमंत्री को सौंपा

 
हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह ने खेल विभाग मुख्यमंत्री मनोहर लाल को सौंपा
चंडीगढ़, 01 जनवरी। विवादों में घिरे हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह ने खेल विभाग छोड़ दिया है। जांच पूरी होने तक उन्होंने खेल विभाग मुख्यमंत्री मनोहर लाल को सौंप दिया है। उधर संदीप सिंह ने अपने इस्तीफे को लेकर चुप्पी साधी हुई है।

उल्लेखनीय है कि चंडीगढ़ पुलिस ने महिला कोच की शिकायत पर हरियाणा खेल मंत्री संदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में हरियाणा पुलिस व सरकार जहां चुप है वहीं चंडीगढ़ पुलिस की कार्रवाई चर्चा में है।

महिला कोच ने पुलिस को दी शिकायत में कहा था कि 2016 रियो ओलंपिक में हिस्सा लेने के बाद वह खेल विभाग में जूनियर कोच के तौर पर भर्ती हुई थी। जिसके बाद संदीप सिंह ने इंस्टाग्राम और स्नैपचैट पर उसको मैसेज भेजे। फिर उसे चंडीगढ़ सेक्टर 7 लेक साइड मिलने के लिए बुलाया। वह नहीं गई तो मंत्री उसे इंस्टाग्राम पर ब्लॉक और अनब्लॉक करते रहे। महिला कोच के आरोपों के मुताबिक एक जुलाई को मंत्री ने उन्हें स्नैपचैट कॉल किया। जिसमें डॉक्यूमेंट्स वेरिफिकेशन के लिए सेक्टर 7 स्थित सरकारी आवास पर बुलाया गया। यही पर उसके साथ अभद्रता की गई। इस शिकायत के आधार पर चंडीगढ़ के सेक्टर 26 पुलिस थाने में संदीप सिंह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354, 354ए, 354 बी, 342 और 506 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

चंडीगढ़ पुलिस के मुताबिक केस दर्ज करने के बाद इसकी जांच की जा रही है।