Pal Pal India

दुष्यंत ने झज्जर में दिया भिवानी रैली का न्यौता

 
दुष्यंत ने झज्जर में दिया भिवानी रैली का न्यौता

रोहतक, 18 नवंबर (दर्शन अरोड़ा)। हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि 9 दिसंबर को भिवानी में जननायक जनता पाटी (जेजेपी) के स्थापना दिवस पर हर जिले की ताकत साफ और स्पष्ट तौर पर दिखाई देगी। स्थापना रैली में हर जिले के लिए अलग अलग मंच-स्थान की व्यवस्था की जाएगी। रैली में महिलाओं की हाजरी भी 50 प्रतिशत होगी। चौटाला शुक्रवार को झज्जर में रैली को लेकर कार्यकर्ताओं की बैठक लेने पहुंचे थे। उन्होंने 9 दिसंबर को जजपा के लिए बड़ा अहम बताया। उन्होंने कहा कि 9 दिसंबर को पार्टी का स्थापना दिवस है। अगले वर्ष 2023 में 9 दिसंबर को चुनाव घोषणा के बाद स्थापना दिवस मनाएंगे। इसके बाद 2024 में विजयी होने के बाद 9 दिसंबर को अपनी सरकार बनाने के बाद पार्टी का स्थापना दिवस मनाएंगे। इसलिए कार्यकर्ताओं को और मजबूती के साथ काम करने की जरूरत है। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने हाल में हुए पंचायत चुनाव के बाद जीतकर आए पंच व सरपंचों को शुभकामनाएं दी और जो चुनाव हार गए हैं उनको आगे आने वाले चुनाव के लिए तैयारी करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि हम चुनाव लड़ते हैं तो हमें जनता का आदेश मानना चाहिए और बस अपना काम करते रहना चाहिए। चौटाला ने कहा कि अबकी बार भिवानी में होने वाला पार्टी स्थापना का कार्यक्रम अपने आप में अलग होगा। इस दौरान हर जिले वाइज अलग मंच बनाया जाएगा, जिसमें हर जिले की ताकत साफ साफ दिखाई देगी। उन्होंने कहा कि महिलाएं भी पीछे नहीं हैं। आज महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही हैं। चाहे वह किसी क्षेत्र का कार्य हो, महिलाएं कहीं भी पीछे नहीं है। रैली में महिलाओं की हाजरी 50 प्रतिशत रहेगी।