Pal Pal India

पूर्व मंत्री जगदीश नेहरा के निधन पर शोक व्यक्त

विभिन्न हस्तियों ने ट्वीट करके दी श्रद्धांजलि, परिवार को बंधाया ढाढस 
 
पूर्व मंत्री जगदीश नेहरा के निधन पर शोक व्यक्त 
सिरसा, 19 जनवरी। हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री चौ. जगदीश नेहरा के आकस्मिक निधन पर जहां उनके चाहने वाले गहरा शोक व्यक्त कर रहे हैं वहीं अनेक राजनेताओं व उच्च पदस्थ हस्तियों ने भी उनके निधन पर ट्वीट करके शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जाहिर की है। 
राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने अपने ट्वीट में श्री नेहरा के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया है वहीं मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी उनके निधन को अपूर्णीय क्षति बताया है। हरियाणा राजभवन से जारी ट्वीट में कहा गया-हरियाणा के राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय ने पूर्व मंत्री श्री जगदीश नेहरा जी के निधन पर दुख प्रकट किया है। प्रभु से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ओम शांति। 
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ट्वीट किया, हरियाणा सरकार में पूर्व मंत्री श्री जगदीश नेहरा जी के निधन का दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने एवं शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। 
सिरसा लोकसभा सांसद सुनीता दुग्गल ने अपने ट्वीट में लिखा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री श्री जगदीश नेहरा ने जीवनभर सिद्धांतों और आदर्शों पर चलते हुए समाजसेवा की। उनका निधन अपूर्णीय क्षति है। भगवान से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और सभी परिजनों को दुख सहने की शक्ति दें। 
अभय सिंह चौटाला ने ट्वीट किया, पूर्व मंत्री जगदीश नेहरा के आकस्मिक निधन का दुखद समाचार मिला। परमात्मा दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दें। ओम शांति। 
कुमारी सैलजा ने ट्वीट किया, मेरे पिताजी चौ. दलबीर सिंह जी के समय से हमारे पारिवारिक मित्र रहे, हरियाणा कांग्रेस के मजबूत स्तंभ पूर्व मंत्री श्री जगदीश नेहरा जी के निधन की खबर से मन व्यथित है। उन्होंने हमेशा किसान वर्ग के हितों व जनसेवा को सर्वोपरि रखा, उनकी कमी हमेशा खलेगी।