प्रदेश में शीतलहर, 11 और 12 जनवरी को हो सकती है बारिश

पल पल न्यूज: सिरसा, 8 जनवरी। हरियाणा में रविवार को कड़ाके की ठंड और धुंध का प्रकोप जारी रहा। ठंड के कारण हाथ पैर सुन्न हो गए। प्रदेश में हिसार का बालसमंद सबसे ठंडा रहा। बालसमंद का तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस तक आ गया। जो कि सामान्य से माइनस 2.2 डिग्री सेल्सियस नीचे हैं। जबकि शनिवार को तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सिरसा में भी तापमान 6 डिग्री के आसपास चल रहा है। सर्दी के कारण लोग घरों में दुबकने पर मजबूर हैं। कोहरे की वजह से दृश्यता भी बहुत कम है। वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वाहन रेंग-रेंग कर चल रहे हैं। हिसार में तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले पांच दिन प्रदेश में शीत लहर और धुंध का प्रकोप जारी रहने की चेतावनी दी है। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक मदन लाल खिचड़ का कहना है कि राज्य में मौसम पर 12 जनवरी तक परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस दौरान लगातार पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से राज्य में हवा में बदलाव उत्तरी व उत्तर पश्चिमी शीत हवा से पूर्वी या दक्षिणी पूर्वी चलने से वातावरण में नमी की मात्रा बढऩे की संभावना है तथा रात्रि तापमान में भी बढ़ोतरी आने की भी संभावना है, लेकिन दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। 10 जनवरी को आने वाले एक और पश्चिम विक्षोभ से हरियाणा राज्य के उत्तरी तथा उत्तर पश्चिमी जिलों में 11 जनवरी देर रात्रि या 12 जनवरी को कहीं कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश की भी संभावना बन रही है।