Pal Pal India

रोहतक में क्लर्क 5000 रिश्वत लेते पकड़ा

 
 रोहतक में क्लर्क 5000 रिश्वत लेते पकड़ा
रोहतक, 27 दिसंबर। रोहतक में नगर निगम के एक क्लर्क को 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। पीडि़त पक्ष द्वारा इस घटना की वीडियो भी बनाई गई। वहीं मौके पर पास की दुकान में लगे सीसीटीवी में भी आरोपी क्लर्क अपनी जेब से पैसे निकालकर फेंकता हुआ दिखाई दे रहा है।
इस पर कार्रवाई करते हुए नगर निगम के ज्वाइंट कमिश्नर महेश कुमार ने रिश्वत लेते पकड़े गए क्लर्क को सस्पेंड कर दिया है, वहीं आरोपी के खिलाफ जांच के आदेश दे दिए हैं। आरोपी क्लर्क पहले भी सस्पेंड हो चुका। हालांकि उस समय आरोप रिश्वत का नहीं था। उस दौरान काम में लापरवाही के कारण सस्पेंड किया गया था। वहीं घटना के बाद जमकर हंगामा भी हुआ।
रिश्वत लेने की आ रही थी शिकायतें
व्यापार मंडल के महासचिव व हरियाणा व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष गुलशन ने बताया कि नगर निगम के कर्मचारी द्वारा काम करने के लिए रिश्वत मांगने की कई बार शिकायतें आ रही थी। जिसकी उन्होंने अधिकारियों को शिकायत की। वहीं अधिकारियों के साथ मिलकर रिश्वतखोर कर्मचारी को रंगे हाथों पकडऩे का प्लान बनाया।
उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा प्रॉपर्टी आइडी के काम ऑनलाइन किए जाते हैं। एक व्यक्ति ने प्रॉपर्टी आइडी की फाइल ऑनलाइन कर दी। लेकिन उसकी फाइल पर कार्य नहीं हुआ। उल्टा उससे क्लर्क संदीप ने काम करवाने के लिए 5 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। पीडि़त ने इसकी सूचना हरियाणा व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष गुलशन को दी।
नोटों की करवाई फोटो कॉपी
इसके बाद गुलशन निझावन ने 500-500 के नोट से 5 हजार रुपए दिए। उन नोटों की फोटो कॉपी भी करवाई। इसके बाद रिश्वत देने के लिए रुपए लेकर पीडि़त पहुंच गया। उन्होंने आरोप लगाया कि क्लर्क ने पीडि़त का काम करने के लिए 5 हजार रुपए लेकर अपनी जेब में डाल लिए।
सीसीटीवी में पैसें फेंकते हुए कैद
शिकायतकर्ता गुलशन ने बताया कि वह पूरे मामले को वीडियो में कैद कर रहा था। जैसे आरोपी क्लर्क को पता चला तो उसने पैसे जेब से निकालकर फेंक दिए। पैसे फेंकते हुए आरोपी क्लर्क सीसीटीवी फुटेज में भी दिखाई दे रहा है। जिसके बाद घटनास्थल पर काफी समय तक हंगामा भी होता रहा।
आरोपी का पक्ष
आरोपी क्लर्क संदीप ने कहा कि उसे रिश्वत लेने के झूठे आरोप में फंसाया जा रहा है जबकि उसने रिश्वत नहीं ली। बल्कि उसकी जेब में जबरन रुपए डाले गए। उसे पता लगने के बाद पैसों को फेंक भी दिया। जो आरोप लगाए जा रहे हैं, वे सभी झूठे हैं व गुलशन द्वारा रंजिश रखते हुए यह सब किया जा रहा है।