सत्य व धर्म मार्ग पर चलने को प्रेरित करती है भागवत: उपायुक्त

रोहतक, 5 जनवरी। उपायुक्त यशपाल ने कहा कि भागवत कथा के श्रवण से मन का शुद्धिकरण होता है और यह हमें सत्य व धर्म के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करती है। उपायुक्त आज स्थानीय गोकर्ण तीर्थ स्थल पर महंत बाबा लक्ष्मण पुरी की 28वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित भागवत कथा कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।
उपायुक्त ने कहा कि गोकर्ण तीर्थ स्थल से देश-विदेश के अनेक श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी हुई है और उनके मन में बाबा लक्ष्मण पुरी के प्रति एक विशेष स्थान है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन गीता के अध्याय का पाठ करने व उसके संदेशों को जीवन में ढालने से सफलता मिलती है। गीता का संदेश वर्तमान युग में प्रासंगिक है। गीता हमें धर्म और सत्य के मार्ग पर चलकर जीवन जीने की कला सिखाती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को भागवत कथा को सुनना चाहिए।
उपायुक्त यशपाल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गीता के माध्यम से संपूर्ण दुनिया को धर्म की रक्षा करने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि आज की इस भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों के पास पूजा पाठ के लिए समय का अभाव हो गया है। इस स्थिति में भी ऐसे आयोजनों का महत्व बढ़ जाता है। उपायुक्त यशपाल ने कहा कि महामंडलेश्वर बाबा कपिल पुरी ने डेरे पर भागवत कथा का आयोजन करवा कर सराहनीय कार्य किया है। उपायुक्त यशपाल ने मंच पर जाकर कथावाचक स्वामी अवधेशानंद गिरी का पुष्पमाला भेंटकर स्वागत किया।
प्रभु भक्ति के लिए अवश्य निकालें समय: ग्रोवर
कार्यक्रम में हरियाणा के पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि भागवत से भक्ति एवं भक्ति से शक्ति की प्राप्ति होती है व जन्म जन्मांतर के सारे विकार नष्ट होते हैं। मन का शुद्धिकरण होता है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन हमें अपनी व्यस्त दिनचर्या से प्रभु भक्ति के लिए समय अवश्य निकालना चाहिए। मनीष ग्रोवर ने कहा कि भागवत कथा सुनने से जन्म जन्मांतर के पाप धुल जाते हैं। भागवत कथा के आज के कार्यक्रम में महामंडलेश्वर बाबा कपिल पुरी, बाबा कमल पुरी, भाजपा के जिला अध्यक्ष अजय बंसल, ओमप्रकाश बागड़ी, कपिल नागपाल व विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता व पदाधिकारी मौजूद थे।