Pal Pal India

75 पार और जमुना पार वालों को इस बार करेंगे सत्ता से बाहर: दीपेन्द्र हुड्डा

 
 75 पार और जमुना पार वालों को इस बार करेंगे सत्ता से बाहर: दीपेन्द्र हुड्डा
झज्जर, 28 जनवरी  राज्यसभा सदस्य दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार ने साजिश रचकर उन्हें लोकसभा में जाने से रोका। वह फिर भी संसद में गए। वहां भाजपा सांसदों ने उन्हें कहा कि मैं झुक जाऊं अन्यथा बीजेपी उनको निशाने पर लेगी। क्षेत्र की जनता साथ दे तो उनकी चुनौती को स्वीकार किया जाए। यह बात उन्होंने रविवार को बादली विधानसभा क्षेत्र के माछरोली में कांग्रेस की जन आक्रोश रैली को संबोधित करते हुए कही। रैली का आयोजन बादली से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने किया।
दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार ने बादली हलके की लगातार उपेक्षा की है। दस साल में बादली इलाके में सीएम आए तक नहीं, लेकिन अब चुनाव में सीएम आएंगे। जनता अब समझ चुकी है। अधिक धोखा सहन नहीं करेगी। 75 पार और जमुना पार वालों को इस बार जनता सत्ता से बाहर कर देगी। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस मजबूत है और भाजपा को उसकी करतूतों का फल इस बार जनता जरूरी देगी। लड़ाई हरियाणा को बचाने की है।
प्रदेश के हर बच्चे पर एक लाख 62 हजार का कर्ज: उदयभान
झज्जर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान ने कहा कि इस सरकार ने प्रदेश को कर्ज में धकेल दिया है। 2005 से पहले प्रदेश पर 70 हजार करोड़ का कर्ज था, जो अब बढ़कर साढ़े चार लाख करोड़ हो गया है। प्रदेश में पैदा होने वाले हर बच्चे पर एक लाख 62 हजार का कर्ज होता है। प्रदेश बेरोजगारी में नंबर एक बन गया है। हुड्डा सरकार ने प्रदेश को मेडिकल कॉलेज दिए, एम्स दिया और बिजली में आत्मनिर्भर बनाया। इस सरकार के राज में प्रदेश बेरोजगारी में नंबर एक बन गया है। इसलिए इस सरकार को अब उखाड़ फेंकने का समय आ गया है।
सरकार को कोर्ट तक लेकर जाऊंगा: नीरज शर्मा
फरीदाबाद के विधायक नीरज शर्मा ने कहा कि इस सरकार को वह कोर्ट तक खींचेंगे। उन्होंने जो कफन पहन रखा है, उस पर कोई गलत शब्द नहीं लिखे और न ही काला रंग लगा रखा है। सिर्फ श्रीराम का नाम और चौपाई लिखी हुई हैं। इसमें कोई गलत नहीं, फिर भी इस सरकार ने उनको डिटेन किया। उस सरकार ने एक ब्राह्मण और ब्राह्मण समाज का अपमान किया है। यदि सरकार हमारे इलाके के विकास के लिए ग्रांट दे तो हमें विरोध क्यों करना पड़े। इसलिए ब्राह्मण विरोधी सरकार को उखाड़ फेंकना जरूरी है। बेरी के विधायक रघुवीर सिंह कादयान, झज्जर की विधायक गीता भुक्कल व पूर्व मंत्री राव नरेंद्र सिंह भी इस मौके पर मौजूद थे।