Pal Pal India

कांता देवी कोकड़ा की पुण्य स्मृति में बीपीएमएस का 37 वां निःशुल्क शिविर

 बीपीएमएस के संकल्पों को विस्तार से बताया राजेश चेतन ने 
 
 कांता देवी कोकड़ा की पुण्य स्मृति में बीपीएमएस का 37 वां निःशुल्क शिविर 
 भिवानी17 मार्च  उत्तर भारत में समाज सेवा का पर्याय बन चुकी सामाजिक संस्था भिवानी परिवार मैत्री संघ (बीपीएमएस) 'सबको दृष्टि-सबको स्वास्थ्य' मिशन के तहत बुधवार,18 मार्च को भिवानी में 37 वां निःशुल्क आंखों का मोतियाबिंद ऑपरेशन (लेंस वाला) एवं मेडिकल कैम्प आयोजित करने जा रही है। जानी-मानी समाजसेवी, नारी सशक्तिकरण की मशाल और बालिका संरक्षण की प्रहरी श्रीमती कांता देवी कोकड़ा की पुण्य स्मृति में श्री नरेश कोकड़ा परिवार के नेतृत्व में यह शिविर श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर में सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक होगा। यह जानकारी बीपीएमएस के अध्यक्ष एवं अंतर्राष्ट्रीय ख्याति के कवि राजेश चेतन ने एक प्रेस बयान में दी।

उन्होंने बताया कि गुरुग्राम व नई दिल्ली के विशेषज्ञ चिकित्सक शिविर में नेत्र रोगियों और कैंसर मरीजों की गहन जांच करेंगे। 
उन्होंने आह्वान किया कि कैंसर जांच के लिए संकोच न करें और न ही डरें। समय रहते बीमारी का पता चलने पर इसका पूरी तरह इलाज संभव है। 
उल्लेखनीय है कि बीपीएमएस के 36 वें निःशुल्क शिविर में 
 125 मरीजों की ओपीडी जांच हुई। 35 मरीजों का नेत्र ऑपरेशन के लिए चयन किया गया था। शिविर की उल्लेखनीय विशेषता यह रही थी कि बीपीएमएस के 35वें शिविर में नेत्र ऑपरेशन करवाने वाले दो मरीजों से 36 वें शिविर का शुभारंभ करवाया गया था। 
राजेश चेतन ने बीपीएमएस के संकल्पों का विस्तार से जिक्र करते हुए कहा कि शिविर में आए हर व्यक्ति की नेत्र एवं चिकित्सा जांच मुफ्त होती है। इसके  साथ-साथ दवा, चश्मे आदि भी पूरी तरह निःशुल्क दिए जाते हैं।
आंखों की जांच इंदिरा गांधी आई हास्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, गुरुग्राम के वरिष्ठ चिकित्सक करते हैं तथा मेडिकल एवं कैंसर जांच दिल्ली के राजीव गांधी कैंसर इंस्टीट्यूट के अनुभवी डॉक्टरों द्वारा की जाती है। 
उल्लेखनीय है कि बीपीएमएस के 36 शिविरों में भिवानी, चरखी दादरी समेत कई जिलों के हजारों गरीब व जरूरतमंद मरीज निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं ले चुके हैं।  चिकित्सा के स्तर तथा दवाओं की गुणवत्ता के चलते बीपीएमएस की ख्याति लगातार बढ़ रही है।