गुरुग्राम के 13 स्कूलों को उड़ाने की धमकी:ईमेल मिलने के बाद छुट्टी की, स्टूडेंट्स बसों में बैठाकर भेजे; बम-डॉग स्क्वायड का सर्च ऑपरेशन

स्कूलों की तरफ से छात्रों के परिवारों को मैसेज भेजकर धमकी की जानकारी दी गई। साथ ही, यह भी कहा गया कि धमकी का यह मैसेज फर्जी लग रहा है।
धमकी के बाद स्कूलों में छुट्टी कर दी गई। पुलिस और बम स्क्वायड टीम ने स्कूलों में जांच की, हालांकि यहां कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
ACP विकास कौशिक ने कहा कि शुरुआती जांच में यह एक 'हॉक्स कॉल' (झूठी धमकी) प्रतीत होती है और अभी तक कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
इन 13 स्कूलों को मिली धमकी जिन स्कूलों को धमकी भरे ईमेल आए हैं, उनमें कुंसकपालन स्कूल (DLF फेज-1), लैंसर्स स्कूल (सेक्टर-53), हेरिटेज एक्सपीरिएंशियल लर्निंग स्कूल (सेक्टर-64), बादशाहपुर स्थित पाथवे वर्ल्ड, शिव नादर स्कूल डीएलएफ फेज -1, श्री राम अरावली स्कूल, मानव रचना सेक्टर 50, मानव रचना सेक्टर 46, लोट्स वैली, शेरवुड कॉन्वेंट स्कूल, यूरो इंटरनेशनल स्कूल, स्कॉटिश हाई स्कूल और शालोम हिल्स इंटरनेशनल स्कूल शामिल हैं।
स्कूलों में स्टूडेंट्स पहुंच चुके थे जब तक स्कूल प्रशासन ने ये ईमेल देखे, तब तक स्टूडेंट्स स्कूलों में पहुंच चुके थे। स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया। स्थिति को संभालते हुए, स्कूलों ने पेरेंट्स को मैसेज भेजकर बच्चों को स्कूल न भेजने या वापस ले जाने की अपील की। जो बच्चे स्कूल परिसर में दाखिल हो चुके थे, उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया।
कमरों से लेकर मैदानों तक की जांच बम स्क्वायड, डॉग स्क्वायड और SDRF की टीमों ने संबंधित स्कूलों में पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया। जांच टीमों ने स्कूल परिसरों के साथ-साथ आसपास के संवेदनशील इलाकों में भी सघन तलाशी अभियान चलाया, जिसमें कमरों से लेकर मैदानों तक हर संभावित स्थान की बारीकी से जांच की गई।
ACP बोले- प्रशासन ने छुट्टी का आदेश नहीं दिया ACP ने पेरेंट्स और जनता से अपील की है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, इसलिए किसी भी प्रकार की घबराहट या पैनिक में न आएं। प्रशासन द्वारा स्कूलों में छुट्टी का कोई आदेश नहीं दिया गया है। साइबर टीम मामले की जांच कर रही है, क्योंकि सभी स्कूलों को एक ही ईमेल आईडी से संदेश भेजे गए हैं, जिसके स्रोत का पता लगाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से संबंधित स्कूल परिसरों को खाली कराया गया तथा विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित की गई। पुलिस टीमों द्वारा स्कूल परिसरों, कक्षाओं, भवनों एवं आसपास के क्षेत्रों की गहनता से जांच की गई। अब तक की जांच में किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु अथवा विस्फोटक सामग्री नहीं पाई गई है।

