Pal Pal India

रोहतक में एक साथ जली तीन बच्चों की चिता

 
 रोहतक में एक साथ जली तीन बच्चों की चिता
 रोहतक, 15 नवंबर  रोहतक के गांव कबूलपुर में बुधवार को एक साथ 03 बच्चों (दो बहन व एक भाई) की चिता चली। जिन्हें उनके पिता द्वारा ही जहर दिया गया था। उपचार के दौरान तीनों की मौत हो गई। वहीं चौथी बहन की हालत गंभीर बनी हुई है। जिन्हें उसके चाचा सुंदर ने मुखाग्नी दी। बच्चों की अंतिम यात्रा में अनेक ग्रामीण व रिश्तेदार शामिल हुए और नम आंखों से अंतिम विदाई दी। गांव कबूलपुर में मंगलवार को एक शख्स ने अपने 4 बच्चों को जहर दे दिया। उसकी 2 बेटियों व एक बेटे की मौत हो गई, जबकि एक बेटी की हालत गंभीर बनी हुई है। जिसको अस्पताल में दाखिल कराया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी शख्स कर्ज की वजह से परेशान था और इसी वजह से उसने यह कदम उठाया। मामले की शिकायत पुलिस को दे दी। पुलिस ने आरोपी सुनील के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आरोपी पिता की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। ताकि उसे गिरफ्तार किया जा सके। कबूलपुर निवासी सुमन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मजदूरी करती है और उसका पति फर्नीचर का काम करता है। मंगलवार सुबह 7 बजे पति काम पर चला गया था। वह भी चारों बच्चों को घर पर छोडक़र काम पर चली गई। घर पर बड़ी लडक़ी लिसिका (10), हिना (8) व दीक्षा (7) व 1 साल का बेटा देव था।
उसे सूचना मिली थी कि बच्चों की तबीयत खराब होने के कारण अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इसके बाद वह पीजीआई में पहुंची। जहां पर उसकी लडक़ी हिना ने बताया कि पिता सुनील ने जहर खिला दिया। सुमन ने कहा कि सुनील पर काफी कर्ज था, जिसके कारण उसने बच्चों को जहर खिलाया है। कबूलपुर गांव में रहने वाली सुमन ने बताया कि उसकी शादी करीब 12 साल पहले सुनील से हुई थी। उनके चार बच्चे हैं। जिनमें से 3 बेटियां और एक बेटा है। तीन बेटियों में लिसिका (10), हिना (8) व दीक्षा (7) है। बेटा देव 1 साल का था। जांच अधिकारी ए एस आई  अनिल कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई थी। बच्चों की मां सुमन के बयान दर्ज किए गए हैं। जिसके आधार पर आरोपी सुनील के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। बच्चों का पिता सुनील वारदात के बाद से फरार है।