Pal Pal India

युवक की नुकीले हथियार से हत्या, पोस्टमार्टम में खुलासा

 
युवक की नुकीले हथियार से हत्या, पोस्टमार्टम में खुलासा

सोनीपत, 11 मार्च। दो दिन पहले ककरोई रोड स्थित प्रेम नगर कॉलोनी में मृत मिले युवक के सीने व पेट निशान मिले थे। पुलिस ने शव का शनिवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया तो नुकीले हथियार के वार से हमला कर हत्या का पता लगा। पुलिस ने मृतक युवक के पिता के बयान पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

इंडियन कॉलोनी निवासी बलबीर सिंह ने सिटी थाना पुलिस को बताया कि वह शंभू दयाल स्कूल से सेवानिवृत्त शिक्षक है। उनके दो बेटे व एक बेटी है। छोटा बेटा विवेक उनके साथ इंडियन कॉलोनी में रहता है। दुल्हेंडी की देर शाम को विवेक घर से बच्चों के लिए खाने का सामान लेने के लिए गया था। उसके बाद वह रातभर वापस नहीं आया।

उन्हें नौ मार्च को पुलिस ने बताया कि विवेक का शव प्रेम नगर में एक घर के अंदर पड़ा है। वह अपने परिचित संग मौके पर पहुंचे। वहां पर उनका बेटा फोल्डिंग पलंग पर मृत पड़ा था। मौत के कारणों का पता नहीं चला। बाद में मालूम हुआ कि रात को विवेक ने अपने साथी सागर व एक निशा नाम की महिला साथ रात को शराब पी थी। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में विवेक के सीने व पेट पर किसी नुकीले हथियार से चार वार कर हत्या किए जाने का पता लगा है।

चिकित्सकों की रिपोर्ट में बताया गया है कि शरीर पर मिले चोट के निशान युवक की मौत से पहले के हैं। किसी नुकीले हथियार से वार किया गया है। साथ ही विसरा भी लिया गया है। जिससे शराब या बेहोश करने वाले अन्य पदार्थ का पता लगाया जा सके।