साबरकांठा के गांव में रंजिश में ट्रिपल मर्डर, एक घायल

अहमदाबाद/हिम्मतनगर, 16 मार्च। साबरकांठा जिले की पोशिना तहसील के अजवास गांव में बुधवार देर रात ट्रिपल मर्डर की घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दो लोगों ने आपसी रंजिश में एक दूसरे पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। विवाद के दौरान पास में ही सो रहे एक बच्चे पर भी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घटना में तीनों की मौत हो गई। हमला में एक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार जीजणाट गांव का रहने वाला रमेश बुबडिया अपने पारिवारिक संबंधी अजवास गांव में रह रहे लल्लू गमार के घर आया था। वार्ता के दौरान लल्लू और रमेश के बीच किसी बात को लेकर नोकझोंक हो गई। बताया गया कि इसके बाद रमेश ने लल्लू पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। लल्लू ने भी बचाव में रमेश पर कुल्हाड़ी चला दी। कुल्हाड़ी लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस दौरान समीप ही खाट पर सो रहे 5 वर्षीय बालक कल्पेश पर भी रमेश ने कुल्हाड़ी चला दिया। लल्लू पर हमले की खबर सुनकर समीप रहने वाला उसका भाई मकना भी आ गया। उसने भी लल्लू को बचाने के लिए रमेश पर हमला कर किया। इस कुल्हाड़ी के प्रहार से रमेश और लल्लू के अलावा बालक कल्पेश की भी मौत हो गई।
कुल्हाड़ी लगने से लल्लू का भाई मकनाभाई गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल पोशिना पहुंची। जांच पड़ताल के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस के घटना के पीछे वजह पारिवारिक विवाद होने की आशंका जताई है।