Pal Pal India

संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत

परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप
 
संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत

करनाल 24 नवंबर (हरीश चावला)। पाढ़ा गांव की एक विवाहिता की निजि अस्पताल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताडऩा के चलते विवाहिता को जहर देने का आरोप लगाया है। विवाहिता की मौत की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को अपने कब्जे में ले लिया। इतना ही नहीं मृतकों के परिजनों ने पुलिस पर भी रिश्वतखोरी का आरोप लगाया है। पुलिस ने विवाहिता को जहर देने के मामले में पहले ही ससुराल पक्ष पर केस दर्ज किया हुआ है। जानकारी के मुताबिक नीलोखेड़ी निवासी नेहा की शादी वर्ष 2017 में पाढ़ा निवासी रवि के साथ हुई थी। मृतक नेहा के परिजनों के आरोप है कि शादी के बाद ससुराल पक्ष उनकी बेटी को दहेज के लिए तंग व परेशान करते थे। वह विवाहिता से और अधिक दहेज लाने की मांग करते थे। इसके लिए विवाहिता को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताडि़त किया जाता था और उसके साथ नौकरानियों जैसा व्यवहार किया जाता था और विवाहिता को कई बार मारपीट कर घर से निकाल देते थे। परिजनों ने बताया कि इस बाबत चार-पांच बार पंचायतें भी हुई थी। पंचायतियों के समझाने बुझाने पर आरोपी विवाहिता को ससुराल में लेकर जाते थे और कुछ दिन तक सही रखने के बाद विवाहिता को दहेज के लिए फिर से तंग करना शुरू कर देते थे। पुलिस ने मृतक विवाहिता की माँ सरोज की शिकायत के आधार पर पति रवि, ससुर कृष्ण लाल, सास कलावती, ननद ज्योति व देवर रोहित के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।