Pal Pal India

बच्ची से दुष्कर्म का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

 
बच्ची से दुष्कर्म का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

फिरोजाबाद, 14 अगस्त। थाना नगला सिंघी पुलिस टीम ने चार साल की मासूम से दुष्कर्म के आरोपित को रविवार की देर रात्रि पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया है। पैर में गोली लगने से घायल आरोपित को पुलिस ने उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया है।

क्षेत्राधिकारी टूंडला अनिमेश कुमार ने बताया कि रविवार को सूचना मिली कि एक चार वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया है। इस सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मुकदमा दर्ज कर आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमों का गठन किया गया।

पुलिस टीमों द्वारा आरोपित की गिरफ्तारी हेतु सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था, तभी सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति ग्राम कुर्रा के जंगलों में घूम रहा है। इस सूचना पर थानाध्यक्ष कृपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम को देख इस युवक ने फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस टीम ने भी फायरिंग की।

पुलिस मुठभेड में फायरिंग के दौरान अभियुक्त के बांये पैर में घुटने के नीचे गोली लगने से वह घायल हो गया। जिसको इलाज हेतु तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अमन पुत्र दिलीप निवासी दतौजी थाना लाइनपार बताया है। पुलिस टीम ने अभियुक्त के कब्जे से एक नाजायज तमंचा 315 बोर मय कारतूस बरामद किया है।

सीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अमन है। जिसने चार साल की मासूम से दुष्कर्म की घटना को करना स्वीकार किया है। आरोपित के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कार्यवाही की जा रही है।