Pal Pal India

नोएडा में विभिन्न जगहों से 13 वाहन चोर गिरफ्तार, 27 बाइक, तीन मोबाइल फोन बरामद

 
 नोएडा में विभिन्न जगहों से 13 वाहन चोर गिरफ्तार, 27 बाइक, तीन मोबाइल फोन बरामद

नोएडा, 07 जुलाई। नोएडा पुलिस ने विभिन्न जगहों से वाहन चोरी करने वाले 13 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने 27 मोटरसाइकिलें, तीन मोबाइल फोन और अवैध हथियार बरामद किया है। पुलिस आयुक्त के मीडिया प्रभारी ने बताया कि थाना सेक्टर 20 पुलिस ने आज सुबह को एक सूचना के आधार पर दानिश, संदीप, विकास, साहिल, शरद सिंह, सूरज और दो बाल अपचारियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने विभिन्न जगहों से चोरी की हुई तीन मोटरसाइकिलें, लूटे हुए तीन मोबाइल फोन ,देशी तमंचा और चाकू बरामद किया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि ये लोग नशा करने के लिए लूटपाट और चोरी की वारदातें करते हैं। मीडिया प्रभारी ने बताया कि एक अन्य मामले में थाना सेक्टर 63 पुलिस ने आज सुबह को गौरव पुत्र महेंद्र और मोनू को गिरफ्तार किया है। इनके पास से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के विभिन्न जगहों से चोरी की हुई 12 मोटरसाइकिलें बरामद हुई है। मीडिया प्रभारी ने बताया कि एक अन्य मामले में थाना फेस -दो पुलिस ने फरदीन, फैजान और फिरोज को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि तीनों सगे भाई हैं। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न जगहों से चोरी की हुई 12 मोटरसाइकिलें बरामद की है।