Pal Pal India

मप्र में आज से शुरू होगा आनंद उत्सव

28 जनवरी तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम 
 
मप्र में आज से शुरू होगा आनंद उत्सव 

भोपाल, 14 जनवरी। मध्य प्रदेश में आज (शनिवार) से 15 दिवसीय राज्य स्तरीय आनंद उत्सव की शुरुआत होने जा रही है। इस दौरान सभी जिलों में खेलों से संबंधित विभिन्न प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

कलेक्टर अविनाश लवानिया ने बताया कि जिले में आनंद उत्सव 14 से 28 जनवरी तक मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आनंद उत्सव 2023 का आयोजन तीन चरणों में होगा। प्रथम चरण में ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकाय स्तर पर, द्वितीय चरण में विकासखंड स्तर और तृतीय चरण में जिला स्तर पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

कलेक्टर लवानिया ने बताया कि कार्यक्रमों में स्थानीय खेलों की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। साथ ही आनंद उत्सव के आयोजन के दौरान खेलों इंडिया यूथ गेम्स के तहत सिटी एक्टीवेशन भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में आनंद उत्सव मनाने के लिए समिति का गठन किया गया है, जिसमें विस्तृत रूप रेखा तैयार की गई। विकासखंड, नगरीय निकाय, स्तरीय आयोजन तथा जिला स्तर पर आयोजन होंगे। आनंद उत्सव में खेलों का शुभारंभ खेलो इंडिया के एंथम हुक स्टेप्स से हो, यह सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त खेलो इंडिया यूथ गेम्स की टॉर्च रिले का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसका शुभांरभ भोपाल से किया गया, जो प्रदेश के सभी जिलों में पहुँचेंगी।

कलेक्टर ने कहा है कि आनंद उत्सव आयोजन में समाज के सभी वर्गों महिलाएं, पुरूष सभी आयु वर्ग नागरिक दिव्यांग शामिल हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि खेल स्वस्थ एवं ऊर्जावान रहने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने अपील की है कि अधिक से अधिक युवा एवं अन्य आयु के वर्ग को खेलों से जोड़ने के लिए प्रेरित किया जाए।