Pal Pal India

दिल्ली के हर क्षेत्र में विकास और मोदी की गारंटी पूरा करना हमारी प्राथमिकता : रेखा गुप्ता

 
  दिल्ली के हर क्षेत्र में विकास और मोदी की गारंटी पूरा करना हमारी प्राथमिकता : रेखा गुप्ता
नई दिल्ली, 2 मार्च  दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के हर क्षेत्र में विकास और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी पूरी करना हमारी प्राथमिकता है। रेखा गुप्ता यहां दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय में दिल्ली सरकार के मंत्रियों के स्वागत एवं अभिनन्दन कार्यक्रम में बोल रही थीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा, सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज सिंह, सांसद मनोज तिवारी और पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष संतोष ओझा भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली की जनता और विशेष कर पूर्वांचल के कार्यकर्ता और मतदाताओं का आभार प्रकट करते हुए कहा कि अब बारी दिल्ली सरकार की है। अब भाजपा सरकार अपने किए हुए हर एक वादा को अगले पांच साल में पूरा करके दिखाएगी।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि संगठन और भाजपा सरकार मिल कर दिल्ली को विश्व का सबसे खूबसूरत शहर बनाएंगे, मुख्य काम यमुना मइया की पूर्ण सफाई और वहां छठ पूजा का आयोजन करना है। उन्होंने पूरी दिल्ली में पूर्वांचल मोर्चा और पूर्वांचल के मतदाताओं का आभार प्रकट करते हुए कहा कि इनके बिना दिल्ली में भाजपा का सरकार बनना मुश्किल था।
सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि सत्ता में हम 27 साल बाद भले लौटे हों परन्तु ये जीत 32 साल बाद यानि 1993 के बाद हमें मिली है।
कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि ये सरकार 24 घंटे दिल्ली के विकास के लिए कार्य कर रही है। सड़क, गंदे पानी, सिवर से सम्बन्धित कोई भी समस्या अगर किसी क्षेत्र में सामने आती है तो उसके लिए 24 घंटे हम कार्य करने को तैयार हैं। जल्द ही इन समस्याओं से समाधान के लिए चार डिजिट का हेल्प लाइन नंबर जारी किया जाएगा।
सभी नेताओं ने एक स्वर में दिल्ली प्रदेश पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष संतोष ओझा की मेहनत और दिल्ली में भाजपा के प्रति पूर्वांचल के वोटरों के समर्थन की सराहना की।
इस मौके पर संतोष ओझा ने कहा कि दिल्ली हो या देश का कोई भी क्षेत्र, पूर्वांचल के लोग जाति से ऊपर उठ कर सिर्फ भाजपा को अपना पूरा समर्थन दे रहे हैं। उन्हें मोदी पर पूरा भरोसा है और आने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में भी एनडीए 225 सीट जीत कर वहां सरकार बनाएगी।
कार्यक्रम में विधायक अभय वर्मा, विधायक चंदन चौधरी, प्रदेश कार्यालय मंत्री बृजेश राय, सोशल मीडिया प्रमुख डॉ रोहित उपाध्याय मोर्चा के महामंत्री जगदम्बा सिंह, संजय तिवारी एवं विशाल चंदेल सहित प्रदेश पदाधिकारी जिला अध्यक्ष व लगभग 1000 कार्यकर्ता मौजूद रहे।