Pal Pal India

मध्य प्रदेश की संस्कारधानी में कांग्रेस कार्यालय पर तोड़-फोड़

बजरंग दल पर लगा आरोप  
 
 मध्य प्रदेश की संस्कारधानी में कांग्रेस कार्यालय पर तोड़-फोड़
जबलपुर, 04 मई।  मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर में स्थित कांग्रेस कार्यालय में गुरुवार को तोड़फोड़ के वीडियो सामने आए हैं। भगवा गमछा गले में डाले और हाथों में भगवा ध्वज लिए कई लोग ने कांग्रेस कार्यालय को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। जबरन दफ्तर में घुसे प्रदर्शनकारियों ने अंदर तोड़फोड़ करने के साथ ही कार्यालय के बाहर लगे कांग्रेस नेता सोनिया गांधी का पोस्टर फाड़ा है। कांग्रेस का आरोप है कि ये सब बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने किया जबकि बजरंग दल का कहना है कि बजरंग दल कभी भी इस तरीके की हरकतें नहीं करता।

दरअसल, मामला गुरुवार शाम का है, जब कई बजरंग दल के कार्यकर्ता कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस के घोषणा पत्र जिसमें बजरंग दल को सत्ता में आते ही प्रतिबंधित कर देने की बात कही गई है के विरोध में कांग्रेस कार्यालय के पास जाकर अपना विरोध प्रदर्शन करने लगे थे। बजरंग दल पर आरोप लगा है कि वे विरोध करते-करते कांग्रेस कार्यालय के अंदर घुस गए। फिर अंदर हंगामा करने के साथ ही पोस्टर इत्यादि फाड़ना शुरू कर दिया। पुलिस को जैसे ही इसकी सूचना हुई वहां तुरंत पुलिस पहुंची और प्रदर्शनकारियों को वहां से खदेड़ा शुरू कर दिया।

घटना की जानकारी लगते ही कांग्रेस नेता, विधायक और पूर्व मंत्री कार्यालय पर जमा होने लगे। उसके बाद पूर्व मंत्री तरुण भनोट, विधायक विनय सक्सेना, लखन घनघोरिया, महापौर, कांग्रेस अध्यक्ष जगत बहादुर सिंह अन्नू कोतवाली थाने पहुंचे। जहां उन्होंने बजरंग दल की शिकायत दर्ज कराई। अब इस कांग्रेस कार्यालय तोड़फोड़ ने सियासी रंग ले लिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने इस हमले की कड़ी शब्दों में निंदा करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार को घेरा है।

नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह का कहना है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आतंक फैलाने वालों को संरक्षण देने में लगे हुए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पर आरोपितों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। वहीं, इसी तरह के आरोप अन्य कई कांग्रेस पदाधिकारियों की ओर से लगाए गए हैं।

दूसरी ओर विहिप, बजरंग दल के पदाधिकारियों का कहना है कि कांग्रेस दफ्तर में तोड़फोड़ और हंगामा खुद कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा ही की गई है। बजरंग दल के सुमित ठाकुर का कहना है कि जब बजरंग दल कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे थे तभी भगवा वेश धरकर कांग्रेस कार्यकर्ता आ गए थे, उन्होंने ही अपने कार्यालय में तोड़फोड़ की है। इनका कहना है कि बजरंग दल इस तरह के कार्य नहीं करता।

इस संबंध में एसपी तुषारकांत विद्यार्थी का कहना है कि जो भी आरोपित हैं, वे बख्शे नहीं जाएंगे। आरोपितों की पहचान वीडियो देखकर की जा रही है। सभी पर कानून के हिसाब से कार्रवाई होगी।