सपा ट्विटर हैंडल का संचालक गिरफ्तार

लखनऊ, 8 जनवरी। सपा प्रमुख अखिलेश यादव रविवार को अचानक लखनऊ पुलिस मुख्यालय पहुंच गए। वह वहां कैंटीन में कार्यकर्ताओं के साथ बैठ गए। उनके हाथ में एक लिफाफा था। पार्टी ने ट्विटर हैंडल से अखिलेश के पुलिस मुख्यालय पहुंचने की जानकारी दी। साथ ही लिखा-पुलिस मुख्यालय लखनऊ में अब भी कोई जिम्मेदार व्यक्ति उपस्थित नहीं।
इसकी जानकारी जैसी ही ज्वाइंट सीपी पीयूष मोर्डिया हुई। वह तत्काल मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने अखिलेश को चाय का ऑफर किया तो उन्होंने मना कर दिया। उन्होंने कहा-यहां की चाय नहीं पीएंगे। बाहर की चाय पीएंगे। हम यहां की चाय नहीं पी सकते हैं, जहर दे दोगे तब...हमें भरोसा नहीं है। सच में भरोसा नहीं है। आप अपनी चाय पीजिए, हम अपनी पीएंगे। इस दौरान उन्होंने एक कार्यकर्ता को बाहर से चाय लाने की बात कही। दरअसल, रविवार सुबह लखनऊ में सपा के ट्विटर टीम के मेंबर और पार्टी कार्यकर्ता मनीष जगन अग्रवाल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। खुद पार्टी ने इसकी जानकारी दी। सपा ने मनीष की गिरफ्तारी को निंदनीय और शर्मनाक बताया है। मनीष पर सपा सोशल मीडिया ट्विटर हैंडल के जरिए अभद्र टिप्पणी करने का आरोप है।