Pal Pal India

नहीं रहे कांग्रेस सांसद संतोख सिंह

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान हार्ट अटैक आया, रास्ते में मौत 
 
नहीं रहे कांग्रेस सांसद संतोख सिंह 
लुधियाना, 14 जनवरी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में आज जालंधर के कांग्रेस सांसद चौ. संतोख सिंह का देहांत हो गया। उन्हें अचानक हार्ट अटैक आया। इसके बाद उन्हें तत्काल फगवाड़ा के अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उनकी मौत हो चुकी है।
यह सूचना मिलने के बाद राहुल ने भारत जोड़ो यात्रा रोक दी और उनको देखने अस्पताल पहुंचे। अभी अस्पताल के बाहर कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं की भीड़ लगी हुई है।
आज सवेरे भारत जोड़ो यात्रा लुधियाना के लाडोवाल टोल प्लाजा से फगवाड़ा की तरफ जा रही थी। वरिष्ठ कांग्रेस नेता 76 साल के संतोख सिंह राहुल से कुछ दूरी पर चल रहे थे। यात्रा में शामिल कांग्रेस के नेताओं ने बताया कि सुबह 8.45 बजे सांसद संतोख सिंह को बेचैनी महसूस हुई। वे रुक गए और वहीं बैठ गए। लोगों ने उन्हें उठाया और अस्पताल ले जाने की तैयारी की। 
राहुल गांधी फिल्लौर के भट्टियां तक यात्रा को ले गए। जैसे ही संतोख सिंह को हार्ट अटैक की खबर मिली, यात्रा को रोक दिया गया। राहुल गांधी थोड़ी देर बाद कार में कुछ कांग्रेस नेताओं के साथ रवाना हुए। बताया गया है कि वे अस्पताल के लिए गए हैं।
संतोख सिंह ने 1978 में अपना सियासी सफर पंजाब में युवा कांग्रेस नेता के तौर पर शुरू किया। 1978 से 1982 तक वह पंजाब युवा कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रहे। 1987 से 1995 तक जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष बने। 1992 में पहली जीत दर्ज करने के बाद पंजाब कांग्रेस विधायक दल के महासचिव चुने गए। वे 1992 से 1995 तक ग्रामीण विकास व पंचायतों के प्रभारी, संसदीय कार्य और विद्युत विभाग के मुख्य संसदीय सचिव बने। संतोख सिंह पंजाब सरकार में स्वास्थ्य, परिवार कल्याण, खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री व कैबिनेट मंत्री रहे। चौ. संतोख सिंह का जाना पंजाब कांग्रेस के लिए बड़ी क्षति के रूप में देखा जा रहा है।