Pal Pal India

मंत्री संदीप सिंह को लेकर पूर्व सीएम का हमला

बोले-बिना इस्तीफे के निष्पक्ष जांच संभव नहीं
 
मंत्री संदीप सिंह को लेकर पूर्व सीएम का हमला 
चंडीगढ़, 12 जनवरी। हरियाणा के मंत्री संदीप सिंह को लेकर पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा मनोहर सरकार पर हमलावर दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि खेल मंत्री को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। जब तक वह इस्तीफा नहीं देंगे, इस मामले की निष्पक्ष जांच संभव नहीं है। कांग्रेस सरकार के दौरान जब मंत्रियों पर कोई आरोप लगे तो उन्होंने भी इस्तीफा दिया।
पूर्व सीएम ने कहा किसरकार मामले को दबाना चाहती है, इसलिए एसआईटी बनाई है। एसआईटी का प्रदेश में इतिहास रहा कि किसी भीमामले में एसआईटी की जांच सिरे नहीं चढ़ पाई है।
भारत जोड़ो यात्रा को बताया ऐतिहासिक
प्रदेश में दो चरणों में संपन्न हुई राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को पूर्व सीएम ने ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि यात्रा को जबरदस्त कामयाबी मिली। लाखों की तादाद में लोग शामिल हुए हैं। हर वर्ग के लोगों से  राहुल गांधी से मुलाकात की। किसान, मजदूर, कर्मचारी, पूर्व सैनिक, युवा, विद्यार्थी सफाईकर्मी, चौकीदार और सरपंचों समेत कई प्रतिनिधिमंडल राहुल गांधी से मिले है।
हरियाणा सरकार को बताया दोमुंही
पूर्व सीएम ने हरियाणा सरकार को दोमुंही बताते हुए कहा कि सरकार ने 3 गुना महंगाई, 4 गुना कर्जा, 5 गुना अपराध और 6 गुना भ्रष्टाचार बढ़ाया है। भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने सरपंचों की पॉवर को कम किया है। ई-टेंडरिंग के जरिए सरपंचों को सरकार दरकिनार करना चाह रही है।
बेरोजगारी में चैंपियन हुआ हरियाणा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि वर्तमान सरकार की कुनीतियों के कारण बेरोजगारी चरम पर पहुंच गई है। हाल यह हो चुका कि बेरोजगारी दर 37 प्रतिशत पर पहुंच गई है। यह देश में सबसे बड़ा आंकड़ा है। कौशल रोजगार निगम युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। इसका कारण है कि यह भी पीपीपी से जुड़ा हुआ है।
खट्टर के पप्पू बयान पर पलटवार
मुख्यमंत्री मनोहर लाल की राहुल गांधी पर की गई पप्पू की टिप्पणी पर हुड्डा ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जब कोई घबरा जाता है तो वह इस तरह की बातें करता है। भाजपा राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से घबरा गई है। यात्रा जन आंदोलन में तब्दील हो गई। 2024 में हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनेगी।