Pal Pal India

श्रद्धा ने 2 साल पहले शिकायत की, आफताब मार डालेगा

 
श्रद्धा ने 2 साल पहले शिकायत की, आफताब मार डालेगा

नई दिल्ली। श्रद्धा मर्डर केस में बुधवार को सबसे चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। श्रद्धा ने आफताब के हिंसक बर्ताव के बारे में 2 साल पहले मुंबई पुलिस से शिकायत की थी। मीडिया रिपोट्र्स में दावा किया जा रहा है कि श्रद्धा ने 23 नवंबर 2020 को मुंबई की पालघर पुलिस को एक शिकायत पत्र लिखा था। उसने पुलिस को बताया था कि उसका लिव-इन पार्टनर आफताब उसे मारता-पीटता है। अगर वक्त पर एक्शन नहीं लिया, तो आफताब उसे टुकड़े-टुकड़े कर डालेगा। दावा यह भी किया जा रहा है कि श्रद्धा ने आफताब के बर्ताव के बारे में उसकी फैमिली को भी बताया था, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया। अब, महाराष्ट्र पुलिस ने बुधवार को कहा कि श्रद्धा की शिकायत पर जरूरी एक्शन लिया गया। बाद में उसने लिखकर दिया कि हमारे बीच सुलह हो गई है। डीसीपी सुहास बावाचे ने कहा कि इसके बाद केस बंद कर दिया गया। दिल्ली पुलिस ने बुधवार को मुंबई जाकर श्रद्धा के परिवारवालों के बयान दर्ज किए हैं। श्रद्धा व आफताब के रिश्तों के बारे में सवाल पूछे हैं। रोहिणी फोरेंसिक लैब में मंगलवार को आफताब का पॉलीग्राफी टेस्ट शुरू हो गया है। यह प्रोसेस करीब एक हफ्ते तक चलेगी। आफताब का नार्को टेस्ट 24 नवंबर को हो सकता है। आफताब का पॉलिग्राफ टेस्ट बुधवार को नहीं किया गया। दिल्ली जोन-2 के स्पेशल सीपी लॉ एंड ऑर्डर सागर प्रताप हुडा ने यह जानकारी दी। दिल्ली पुलिस ने महाराष्ट्र में पालघर जिले की वसई क्राइम ब्रांच में आफताब के तीन दोस्तों के बयान दर्ज किए। दिल्ली पुलिस अब तक 17 लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि 2020 में श्रद्धा की शिकायत पर एक्शन क्यों नहीं लिया गया, इसकी जांच कराएंगे।